• Thu. Oct 29th, 2026

जिले में विकास रथ का सफलतापूर्वक संचालन किया जाएगा, कलेक्टर सूर्यवंशी ने अधिकारियों को जारी किए निर्देश

BySurendra Jain

Sep 8, 2023

खबर पक्की, 8 सितंबर, रतलाम। मध्यप्रदेश सरकार की जनहितेषी योजनाओं से आमजन को अवगत कराने एवं विकास की जानकारी देने के लिए जिले को जनसंपर्क संचालनालय द्वारा तीन रथ प्राप्त हुए हैं जो जिले के ग्रामीण क्षेत्रों तथा शहरी क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। जिले में विकास रथ के सफलतापूर्वक आयोजन हेतु कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा सभी अधिकारियों का आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। विकास रथ अपने निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार जिले में भ्रमण करके योजनाओं और विकास की जानकारी देंगे।
कलेक्टर ने बताया कि समस्त जनपद पंचायत एवं नगरीय निकायों में विकास रथ संचालन के लिए विभिन्न अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं वे शासन के द्वारा दिए गए निर्देशों का निर्वहन करेंगे। शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए आईशर केंटर वाहन पर बड़ी एलईडी वाल लगाई गई है जिसके माध्यम से सार्वजनिक स्थलों पर योजनाओं की उपलब्धियों से संबंधित आडियो-विजुअल सामग्री व फिल्म प्रदर्शन किया जायेगा। जिले भर में राज्य शासन की उपलब्धियों एवं महत्वपूर्ण योजनाओं को रेखांकित करने ये प्रचार रथ 40 दिन भ्रमण करेंगे। प्रति दो विधानसभा क्षेत्र एक प्रचार रथ शहरी के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार करेगा।
कलेक्टर ने जिले में विकास कार्यो पर आधारित प्रचार-प्रसार केलिए विकास रथों के साथ-साथ अन्य विकास कार्यो का हर स्तर पर प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि प्रचार रथ के रूट में किसी भी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने बताया कि जिले की 5 विधानसभा क्षेत्र के लिए 3 प्रचार रथ प्राप्त हुए, जो 40 दिनों तक विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण करेंगे। इसके लिए रूटचार्ट तैयार किया गया है।

You missed

error: Content is protected !!