• Fri. Nov 13th, 2026

पुलिस प्रशासन के अधिकारी निर्वाचन के दृष्टिगत संयुक्त भ्रमण करके कानून व्यवस्था सुनिश्चित करें : कलेक्टर

BySurendra Jain

Aug 25, 2023

खबर पक्की, 25 अगस्त, रतलाम। पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी संयुक्त भ्रमण करके निर्वाचन के मद्देनजर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करें। अधिकारी अपने-क्षेत्र के मतदान केंद्र पर पहुंचे, व्यवस्थाएं चेक करके रिपोर्ट देवें। उक्त निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने शुक्रवार संपन्न पुलिस तथा अन्य अधिकारियों की संयुक्त बैठक में दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राहुल लोढा, अपर कलेक्टर आर.एस. मंडलोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि विधानसभा निर्वाचन के दौरान कानून व्यवस्था चाक चोबंद रहे, यह अभी से सुनिश्चित कर ले। अधिकारियों का आपसी समन्वय विधानसभा का निर्विघ्न निर्वाचन सुनिश्चित करेगा। एक दूसरे के साथ जानकारी का आदान-प्रदान करें। अपने क्षेत्र का डाटा अपने साथ रखें, अपने स्थानीय क्षेत्र में दबंग, आपराधिक प्रकार के व्यक्तियों को चिन्हित किया जाए। निष्पक्ष निर्वाचन के दृष्टिगत आपराधिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। विभिन्न प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों को समय सीमा में अंजाम देवे। धारा 107, 16 तथा बॉन्ड ओवर कार्रवाई समय सीमा में की जाए। जहां आवश्यक हो जिला बदर, रासुका जैसी कार्रवाइयों के लिए प्रतिवेदन भेजा जाए।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने सभी सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने आवंटित सेक्टर का भली-भांति निरीक्षण कर लें, अपने क्षेत्र से परिचित हो जाए। अपने मतदान केंद्र की समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। मतदान केदो पर यदि कोई कार्य मरम्मत इत्यादि की जाना है तो समय सीमा में करवाई जाए। मतदान केंद्र तक पहुंच मार्ग, भवन की स्थिति की जानकारी लेवे। केंद्र पर पेयजल, छाया, प्रकाश, कम्युनिकेशन इत्यादि व्यवस्थाएं देख ली जाए। क्षेत्र का रूट चार्ट अपने पास रखें, नियमित रूप से अपने सेक्टर का भ्रमण करें।
कलेक्टर ने विधानसभा निर्वाचन की दृष्टिगत रतलाम जिले से लगने वाली अंतर राज्य सीमाओं पर चेक पोस्ट स्थापना के बारे में निर्देशित किया। जिले में अंतर राज्य तथा अंतर जिला चेक पोस्ट लगाई जाएगी, वाहनों के आवागमन, अवैध गतिविधियों पर सघन नजर रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक राहुल लोढा ने निर्देश दिए कि निष्पक्ष एवं सफल विधानसभा निर्वाचन के लिए जिले में आपराधिक तत्वों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। अवैध शराब एवं मादक पदार्थ की बिक्री पर कड़ा अंकुश सुनिश्चित किया जाएगा। समस्त थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति के दृष्टिगत संवेदनशील तथा अति संवेदनशील क्षेत्रों को पूर्व समय सीमा में चिन्हित रखें। ऐसे व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाए जो मतदान को प्रभावित कर सकते हैं उन पर प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए।

You missed

error: Content is protected !!