• Fri. Nov 6th, 2026

निर्वाचन के दृष्टिगत प्रभावी कानून व्यवस्था सुनिश्चित करें : कलेक्टर श्री सूर्यवंशी, विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत पुलिस, राजस्व एवं अन्य अधिकारियों की संयुक्त बैठक संपन्न हुई

BySurendra Jain

Jul 24, 2023

खबर पक्की, 24 जुलाई, रतलाम। आगामी विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पुलिस राजस्व तथा अन्य विभागों के अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक सोमवार को संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा आगामी निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा, सीईओ जिला पंचायत अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं थाना प्रभारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी संयुक्त भ्रमण करके चुनाव के दृष्टिगत जानकारी एकत्रित करें, संवेदनशील क्षेत्रों का संयुक्त भ्रमण करें। स्थानीय अपराधिक तत्वों, दबंगों के संबंध में जानकारी सूचीबद्ध करें। अपना रूट चार्ट निर्धारित कर लेवे। असामाजिक तत्वों, अपराधिक तत्वों के विरुद्ध फाइनल बाण्ड ओवर की कार्रवाई करें। निर्वाचन के दृष्टिगत प्रभावी कानून व्यवस्था सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में मैपिंग कर लेवे यह कार्य सेक्टर मजिस्ट्रेट करेगा। पुलिस द्वारा मदद की जाएगी, कार्रवाई का सुव्यवस्थित दस्तावेजीकरण करें। निर्वाचन को देखते हुए आगामी कार्यवाहियों के लिए समयबद्ध कार्यक्रम निर्धारित कर लेवे। सभी एसडीएम विभिन्न अनुमतियों के लिए निर्धारित फॉर्मेट पर कार्य करें, सुविधा पोर्टल से अनुमति दी जाएगी। निर्वाचन के दौरान की जाने वाली वाहन व्यवस्था अभी से सुनिश्चित करें। हेलीपैड तथा आम सभाओं के लिए स्थान चिन्हित कर ले। निर्वाचन में कार्य करने वाले विभिन्न दलों जैसे वीडियो सर्विलेंस टीम, वीडियो वीविंग टीम, फ्लाइंग स्क्वाड, एमसीएमसी, एसएसटी इत्यादि दलों का गठन के लिए तैयारी कर ली जाए। कलेक्टर ने सामग्री वितरण केंद्र, स्ट्रांग रूम निर्माण आदि के संबंध में भी दिशा निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने निर्देशित किया कि राजस्व तथा पुलिस अधिकारी अपने क्षेत्र में संयुक्त भ्रमण करें। वल्नरेबल मैपिंग पर पूरा फोकस करें, बांड ओवर कार्रवाई में देरी नहीं की जाए। प्रतिबंधात्मक कार्रवाईयां समय सीमा में संपन्न हो। अपराधिक तत्वों, असामाजिक तत्वों, अवैध शराब, एनडीपीएस प्रकरणों में शत प्रतिशत कार्रवाई की जाए। मतदान केंद्रों पर पुलिस बलों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं। शैडो एरिया तथा नेटवर्क उपलब्धता पर अभी से ध्यान दिया जाए। आगामी त्यौहारों चुनावी आचार संहिता एवं वीआईपी भ्रमण पर सुनियोजित ढंग से कार्य किया जाए। अंतर राज्य बॉर्डर ईशु पर अधिकारी अपने समकक्षों से चर्चा कर लेवे।

error: Content is protected !!