• Sat. Nov 7th, 2026

जनवरी से मई तक की अवधि में यातायात विभाग ने बगैर हेलमेट दुपहिया चालकों के विरूद्ध बनाए 9318 चालान

BySurendra Jain

Jun 28, 2023

खबर पक्की, 28 जून, रतलाम। जिले में बगैर हेलमेट, दो पहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। विगत जनवरी माह से लेकर मई माह तक की अवधि में 9318 चालान उन वाहन चालकों के विरुद्ध बनाए गए जो अपना दो पहिया वाहन, बगैर हेलमेट पहने चला रहे थे। यातायात विभाग ने बगैर हेलमेट दो पहिया वाहन चालकों से उपरोक्त अवधि में 26 लाख 26 हजार 800 रूपए चालान द्वारा अर्थदंड वसूली की है।
ट्रैफिक डीएसपी श्री अनिल राय ने बताया कि बगैर हेलमेट दो पहिया वाहन चालकों के विरुद्ध जिले में जनवरी माह में 1183 चालान बनाए गए। इसी प्रकार फरवरी में 1546, मार्च में 1299, अप्रैल में 1646 तथा मई माह में 3645 चालान बनाए गए। जिले के पेट्रोल पंप, ढाबों पर भी हेलमेट की उपयोगिता के संबंध में बैनर पोस्टर लगाए गए हैं ताकि जन जागरूकता रहे।
चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट के लिए कार्रवाई
इसी प्रकार जिले में यातायात विभाग द्वारा चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट धारण नहीं करने वाले चालकों की भी लगातार चेकिंग की जा रही है और सीट बेल्ट धारण करने के लिए निर्देशित किया जा रहा है। जिले में सभी थाना प्रभारियों के माध्यम से शहरी ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान के तहत आमजन को यातायात शॉर्ट फिल्म, वीडियो, सोशल मीडिया तथा 50 स्कूलों में व्यापक प्रचार प्रसार किया गया जिसके तहत लगभग 12 हजार विद्यार्थियों को यातायात नियमों के संबंध में जानकारी दी गई। विभाग द्वारा जिले में दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट धारण करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, दो पहिया वाहन पर तीन सवारी नहीं बिठाने के लिए लोगों को निर्देशित एवं जागरूक किया जा रहा है।
येलो कार्ड के लिए जल्द ही कैंप आयोजन
जिला यातायात विभाग द्वारा दो पहिया तथा चार पहिया वाहन चालकों की सुविधा के लिए अति शीघ्र येलो कार्ड उपलब्ध कराने के लिए केम्प लगाए जाने वाले है। ट्रैफिक डीएसपी श्री अनिल राय ने बताया कि संभवत जुलाई के प्रथम सप्ताह से जिले में थानों तथा तहसील स्तर पर कैंप लगाए जाएंगे जिनमें 2 पहिया चार पहिया वाहन चालकों को येलो कार्ड की सुविधा प्रदान की जाएगी जिसमें वाहन तथा वाहन चालक की संपूर्ण जानकारी रहती है जिससे चालक को संपूर्ण दस्तावेज अपने साथ गाड़ी में रखने की आवश्यकता नहीं रहेगी।

error: Content is protected !!