• Sat. Nov 7th, 2026

विभाजित प्लाट और 56-57 के रिकार्ड अनुसार नामांतरण में आ रही दिक्कतों को लेकर पूर्व महापौर डागा ने सीएम से की चर्चा, सीएम ने दोनों समस्याओं के जल्द निराकरण का दिया आश्वासन

BySurendra Jain

Jun 22, 2023

खबर पक्की, 22 जून, रतलाम। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा ने भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर विभाजित प्लाट एवं 56-57 के रिकॉर्ड के अनुसार नामांतरण में आ रही दिक्कतों को लेकर चर्चा की। श्री डागा ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दोनों समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया है।
पूर्व महापौर श्री डागा ने बताया कि मंगलवार को भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उन्होंने शहर की समस्याओं को लेकर पत्र सौंपा। श्री डागा ने विभाजित प्लाट के नियम के चलते परेशान हो रहे हजारों परिवारों की समस्याओं से एक बार फिर सीएम को अवगत कराया। उन्होंने नगर निगम चुनाव में सीएम द्वारा विभाजित प्लाट की समस्या के निराकरण को लेकर की गई घोषणा की भी जानकारी दी। श्री डागा ने सीएम से कहा कि अकेले रतलाम शहर में 5 हजार से अधिक परिवार परेशान है। इन विभाजित प्लाट पर नामांतरण नहीं हो रहे हैं। निर्माण अनुमति नहीं मिल रही है और लीज भी नहीं बढ़ाई जा रही है। श्री डागा ने सीएम की घोषणा अनुसार विभाजित प्लाट के नियम में संशोधन कर समस्या के शीघ्र निराकरण का अनुरोध किया। इसी तरह श्री डागा ने रतलाम में 56-57 के रिकॉर्ड अनुसार नामांतरण के नियम से हो रही दिक्कतों पर भी सीएम का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहां की इस नियम के कारण कई लोग परेशान हो रहे हैं।
श्री डागा ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दोनों समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया है।

error: Content is protected !!