• Sat. Nov 7th, 2026

अंतर्राष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरुकता दिवस के अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन

BySurendra Jain

Jun 16, 2023

खबर पक्की, 16 जून, रतलाम। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल पर 15 जून, 2023 को अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरुकता दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों सड़क उपयोगकर्ताओं एवं आम नागरिकों को समपार फाटक पार करने जैसे संरक्षा नियमों की जानकारी प्रदान की गई।
15 जून, 2023 को अंतर्राष्ट्रीय समपार दिवस के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक रजनीश कुमार तथा रतलाम मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों, शाखाधिकारियों, अन्य अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं संरक्षा सलाहकारों की उपस्थिति में रोटरी क्लब रतलाम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समपार फाटक पार करते समय नियमों की अवहेलना करने से संभावित दुर्घटनाओं के बारे में बताया गया। इस दौरान रोटरी क्लब रतलाम के अध्यक्ष, सचिव एवं अन्य बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त उज्जैन के देवास गेट की ओर एवं इंदौर में सरवटे बस स्टैंड पर भी नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
इस दिन रतलाम मंडल के रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा विभिन्न समपार फाटकों का निरीक्षण कर गेट मैन एवं सड़क उपयोगकर्ताओं को समपार फाटक पार करने के दौरान ऊपरी 25 के.वी. विद्युत लाइन से संबंधित बरती जाने वाली एवं अन्य सावधानियों तथा उनके उल्लंघन करने पर होने वाली आशंकित दुघर्टनाओं के बारे में जागरुक किया गया। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायतों, पेट्रोल पंपों, सब्जी मंडियों, बस स्टैंडों, आगनवाडिय़ों तथा अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर भी आम जनता को समपार फाटक पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में समझाईश दी गई तथा संरक्षा नियमों को पालन करने हेतु जागरुक किया गया।
रतलाम मंडल के पूरे क्षेत्र को समाहित करने के लिए संरक्षा विभाग ने कुल तीन टीमें बनाई गई थी तथा उन्हें अलग-अलग खंडों में जागरुकता अभियान हेतु निर्देशित किया गया था। इसके अतिरिक्त इंजीनियरिंग एवं यातायात
विभाग के पर्यवेक्षकों द्वारा भी मंडल के सभी खंडों पर विभिन्न समपार फाटकों पर आम जनता को जागरुक किया गया। इसी के परिणाम स्वरूप मंडल के लगभग सभी समपारों के साथ ही साथ शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के भीड़-भाड़ वाले अन्य स्थानों पर भी जाकर आम जनता को जागरूक करने का कार्य किया जाना संभव हो सका।

error: Content is protected !!