• Sat. Nov 7th, 2026

सीईओ श्रीमती भिड़े ने ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया, योजनाओं का ठीक से क्रियान्वयन नहीं करने पर ग्राम पंचायत माधोपुर के सचिव को निलंबित किया

BySurendra Jain

May 26, 2023

खबर पक्की, 26 मई, रतलाम। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती जमुना भिड़े ने शुक्रवार को जनपद आलोट की ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। पूर्ण हो चुके कार्यों का निरीक्षण किया। प्रगतिरत कार्यों का का जायजा लिया। जनपद पंचायत सभाकक्ष में सचिवों की बैठक लेकर संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान श्रीमती भिड़े द्वारा ग्राम पंचायत खेताखेड़ी, निपनिया लीला, लूनी एवं रिछाँ का भ्रमण किया गया।
खेताखेड़ी में नवीन स्वीकृत ग्राम पंचायत भवन का निर्माणकार्य बंद पाया गया। निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा है, सामान्य स्वच्छता की स्थिति भी ठीक नहीं पाई गई। ग्राम सचिव गजेंद्रसिंह डोडिया का फटकार लगाकर दो दिवस में ग्राम की स्थिति सुधारने की हिदायत दी गई । अधूरे पड़े पंचायत भवन का निर्माण तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत निपनिया लीला में गौशाला, सेग्रीगेशन शेड एवं पौधारोपण का निरीक्षण किया गया। ग्राम सचिव को शीघ्र कचरा संग्रहण वाहन क्रय कर अपशिष्ठ प्रबंधन कार्य शुरू करने हेतु निर्देशित किया गया। ग्राम पंचायत रिछा एवं लूनी में ग्राम पंचायत भवन सेग्रीगेशन शेड एवं कचरा संग्रहण वाहन का निरीक्षण किया गया।
जनपद पंचायत में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान 2, लाड़ली बहना योजना, प्रधान आवास योजना ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, मनरेगा, जीपीडीपी एवं अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई। सभी योजनाओं में शासन निर्देशानुसार लक्ष्य अनुरूप प्रगति लाने हेतु निर्देश दिये गये। ग्राम पंचायत माधोपुर की प्रगति सभी योजनाओं में नगण्य पाई गई इस पर ग्राम पंचायत सचिव श्री गोपालसिंह चंद्रावत को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। ग्राम पंचायत कसारी चौहान के सचिव बैठक के अनुपस्थित पाये गये, उन्हें नोटिस जारी करने हेतु निर्देशित किया गया।

error: Content is protected !!