• Sat. Nov 7th, 2026

सुभाष नगर ओवर ब्रिज पर जल्द शुरू होगा पोल शिफ्टिंग कार्य : विधायक चेतन्य काश्यप, पोल शिफ्टिंग के लिए लोक निर्माण विभाग ने शुरू की तैयारी, रेलवे भी जल्द डालेगा गडर

BySurendra Jain

May 5, 2023

खबर पक्की, 5 मई, रतलाम। सुभाष नगर ओवर ब्रिज निर्माण में लंबे समय से अटका पोल शिफ्टिंग का कार्य आने वाले दिनों में गति पकड़ेगा। उक्त कार्य को लेकर विधायक चेतन्य काश्यप लंबे समय से प्रयासरत थे। उनके द्वारा इस संबंध में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से भी चर्चा की गई थी। इसके साथ भोपाल जाकर विभाग से जुड़े अधिकारियों से चर्चा कर रिवाइज स्टीमेट तैयार कर अतिरिक्त राशि स्वीकृत करने की मांग की थी, जिस पर सरकार ने 13 करोड़ रूपए अतिरिक्त राशि स्वीकृत कर दी। पूर्व में 23 करोड़ 27 लाख रूपए से अधिक की राशि स्वीकृत की गई थी। रिवाइज स्टीमेट तैयार होने के बाद यह राशि बढ़कर 36 करोड़ 32 लाख रूपए से अधिक हो गई है।
विधायक श्री काश्यप द्वारा लगातार प्रयास किए जाने के बाद अब लोक निर्माण विभाग ने पोल शिफ्टिंग कार्य करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। रेलवे लाइन के आस-पास के पोल की केबल खोलने का काम भी हो चुका है। उक्त कार्य होने से अब रेलवे उसके हिस्से पर लाइन के उपर गडर डालने की तैयारी में जुट गया है। संभवत: आगामी कुछ दिनों में उक्त कार्य की शुरूआत हो जाएगी। रेलवे के द्वारा गडर डालने के साथ ही ब्रिज निर्माण से जुड़ा यह कार्य गति पकड़ लेगा। पोल शिफ्टिंग कार्य में लगभग 2 करोड़ 44 लाख रूपए से अधिक की लागत आएगी। रेलवे साइड के पोल हटाए जाने का यह कार्य बिजली कंपनी करेगी। सुभाष नगर फाटक से हर दिन हजार वाहनों की आवाजाही बनी रहती थी। ब्रिज निर्माण कार्य के चलते फाटक बंद होने से यहां के ट्राफिक का पूरा लोड डोंगरे नगर के साथ सैलाना बस स्टैंड, कस्तूरबा नगर, राम मंदिर क्षेत्र में बढ़ गया है। तकनीकी कारणों से काम लेट होने से ब्रिज की लागत में इजाफा हो गया था, जिसके चलते लंबे समय तक काम बंद रहा था। बाद में रिवाइज स्टीमेट भेजकर शासन से राशि स्वीकृत कराकर मुआवजे की प्रक्रिया भी पूर्ण हो गई है।

error: Content is protected !!