• Sat. Nov 7th, 2026

कायाकल्प योजना के तहत रतलाम की सड़कों के लिए बजट में दस करोड़ स्वीकृत : विधायक चेतन्य काश्यप, महापौर प्रहलाद पटेल की उपस्थिति में निगम अधिकारियों से सड़क निर्माण प्रस्तावों पर चर्चा

BySurendra Jain

Mar 3, 2023

खबर पक्की, 3 मार्च, रतलाम। कायाकल्प योजना के तहत रतलाम शहर की प्रमुख सड़कों का जल्द ही निर्माण कार्य आरंभ होगा। इसके लिए बजट में दस करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। सड़क निर्माण के प्रस्तावों को लेकर विधायक चेतन्य काश्यप ने महापौर प्रहलाद पटेल की उपस्थिति में नगर निगम अधिकारियों से विचार विमर्श किया।
विधायक श्री काश्यप ने बताया कि नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा सड़कों के लिए नगरीय निकायों से प्रस्ताव बुलवाएं गए थे। कायाकल्प योजना के तहत शहर की मुख्य सड़कों का निर्माण कराए जाने के साथ ही सड़कों के चौड़ीकरण और उनकी मरम्मत का कार्य होना है। शासन ने 15 जनवरी तक प्रस्ताव बुलाए थे, जिस पर नगर निगम द्वारा शहर की मुख्य सड़कों के प्रस्ताव भेजे गए थे। इन प्रस्तावों को स्वीकार कर शासन ने योजना के तहत दस करोड़ रूपए बजट में स्वीकृत किए है। विधायक श्री काश्यप ने बताया कि कायाकल्प योजना का उद्देश्य नगरीय क्षेत्र के नागरिकों को सुलभ आवागमन के लिए अच्छी, मजबूत एवं आरामदेह सड़क उपलब्ध कराना है। इसमें डामरीकृत सड़कों के नवीनीकरण एवं मजबूतीकरण के साथ ही सीमेन्ट कांक्रीट की सड़कों का मजबूतीकरण और पुन: निर्माण के कार्य किए जाएंगे।
स्वच्छता अभियान में वाहन खरीदी के लिए विधायक निधि से 25 लाख स्वीकृत
शहर में स्वच्छता के लिए वाहनों की कमी अब नहीं होगी। विधायक चेतन्य काश्यप ने शहर में कचरा संग्रहण वाहनों की खरीदी के लिए विधायक निधि से 25 लाख रूपए स्वीकृत कर महापौर प्रहलाद पटेल को इसका पत्र सौंप दिया है। उक्त राशि के माध्यम से निगम 16 नए कचरा संग्रहण वाहनों की खरीदी की जाएगी, जिसमें अतिरिक्त शेष राशि नगर निगम की होगी।
स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर को पहले नंबर पर लाने की कवायद नगर निगम कर रही है, लेकिन निगम के पास वार्डों में घर-घर जाकर कचरा संग्रहण करने वाले कुछ वाहन खराब हो चुके है। विधायक श्री काश्यप द्वारा कचरा वाहनों की कमी होने से आमजन की परेशानी को देखते हुए विधायक निधि से 25 लाख रूपए की राशि नगर निगम को स्वीकृत की है। उक्त राशि से नगर निगम को काफी मदद मिलेगी। निगम के द्वारा विधायक निधि से जारी की गई राशि में शेष राशि मिलाकर 16 नए कचरा संग्रहण वाहनों की खरीदी जल्द ही की जाएगी, जिससे प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से कचरा संग्रहण वाहन जा सके और प्रतिदिन हर घर से कचरा संग्रहित कर स्वच्छता में रतलाम को नंबर वन लाया जा सके।

error: Content is protected !!