• Sat. Nov 7th, 2026

भूकंप के तेज झटकों से थर्राया तुर्की और सीरिया, 7.8 तीव्रता के चलते 95 की मौत, कई इमारतें धराशायी

BySurendra Jain

Feb 6, 2023

खबर पक्की, 6 फरवरी, अंकारा। तुर्की में सोमवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। न्यूज एजेंसी एएफपी के अनुसार सोमवार को तुर्की के नूर्दगी से 23 किमी पूर्व में 7.8 तीव्रता का भूकंप आया। तकरीबन एक मिनट तक आए इस भूकंप की वजह से कई इमारतें धराशायी हो गईं है। इमारतों के मलबे के नीचे दबने से कुल 95 लोगों की मौत भी हो गई। जानकारी के अनुसार तुर्की में 53 तो सीरिया में 42 लोगों की जान इस भूकंप के चलते गई है। आंकड़ा अभी और बढऩे की आशंका है।
कई इमारतें हुईं धराशायी
सरकारी ब्रॉडकास्टर टीआरटी की तस्वीरों के मुताबिक, तुर्की में इमारतों को काफी नुकसान पहुंचा है और लोग बचने के लिए बर्फीली सडक़ों पर जमा हो गए हैं। रॉयटर्स के अनुसार, भूकंप लगभग एक मिनट तक आया और इससे कई इमारतें गिर गईं और कई मकानों की खिड़कियां टूट गईं। बता दें कि इस क्षेत्र में कई बार भूकंप आया है।
लेबनान और सीरिया में भी ढही इमारतें
हैबरटर्क टेलीविजन की मानें तो मलत्या, दियारबाकिर और मालट्या के पड़ोसी प्रांतों में भी कई इमारतें गिर गईं। हालांकि, हताहतों की संख्या पर तत्काल कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। भूकंप के झटके लेबनान और सीरिया में भी महसूस किए गए। सीरिया के राज्य मीडिया ने बताया कि उत्तरी शहर अलेप्पो और मध्य शहर हमा में कुछ इमारतें ढह गईं।
एक मिनट तक महसूस किए गए झटके
जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (जीएफजेड) के अनुसार मध्य तुर्की में 10 किमी की गहराई में 7.8 तीव्रता का भूकंप आया है। तुर्की के डिजास्टर एंड इमरजेंसी मैनेजमेंट अथॉरिटी (एएफएडी) ने बताया कि भूकंप एक मिनट तक महसूस किया गया। तुर्की के अधिकारियों ने अभी तक किसी के मरने या घायल होने की सूचना नहीं दी है, लेकिन सोशल मीडिया नेटवर्क पर पोस्ट किए गए वीडियो में कई इमारतों को धराशायी हुई दिखाया गया है।

error: Content is protected !!