खबर पक्की, 30 जनवरी, भोपाल। मध्यप्रदेश में ठंड के मौसम के बीच कुछ-कुछ इलाकों में बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिन बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान भोपाल, ग्वालियर-चंबल समेत प्रदेश के 16 जिलों में बरसात होने की सम्भावना है।
इससे पहले ग्वालियर में दो दिन बाद रविवार को बारिश हुई। इंदौर में भी देर रात कहीं-कहीं पानी गिरा। गुना के मधुसूदनगढ़ इलाके की गादेर पंचायत में रविवार शाम ओले गिरे। रतलाम में जावरा के झालवा गांव में भी रविवार रात ओले गिरे। श्योपुर में आज सुबह बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक 31 जनवरी तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा। 1 फरवरी से न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी।
मध्यप्रदेश में फिलहाल कड़ाके की ठंड नहीं पड़ रही है। खंडवा-मंडला में दिन का पारा 32 डिग्री के पार पहुंच चुका है। नर्मदापुरम, खरगोन, दमोह, उमरिया में तापमान 30 डिग्री से ज्यादा है। कई शहरों में रात का पारा 14 डिग्री से ज्यादा है। लेकिन, दो दिन बाद पारे में गिरावट आ सकती है। इससे ठंड बढ़ जाएगी।
इन इलाकों में बारिश होने की सम्भावना
मौसम विभाग ने ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, दतिया, मुरैना और भिंड में कहीं-कहीं हल्की बारिश की सम्भावना जताई है। इन जगहों पर पिछले दो सप्ताह से बारिश हो रही है। इनके अलावा अलीराजपुर, झाबुआ, मंदसौर, नीमच, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी बारिश के आसार हैं। भोपाल के अरेरा हिल्स, बैरागढ़, नरेला और कोलार इलाके में बारिश हो सकती है। बैरसिया और नबी बाग इलाके सूखे रह सकते हैं। हालांकि, यहां बादल छाए रहेंगे।
सबसे कम तापमान रीवा, सबसे ज्यादा नर्मदापुरम में
मध्यप्रदेश में रविवार रात सबसे कम तापमान रीवा में रहा। यहां पारा 9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है। प्रदेश के बाकी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ज्यादा है। प्रदेश में रविवार रात को सबसे ज्यादा पारा नर्मदापुरम में 18 डिग्री रहा।2 फरवरी से बनेगा नया सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार, 2 फरवरी से नया सिस्टम बन रहा है। इससे अगले वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभावी होने की सम्भावना बनी हुई है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस मध्य क्षोभमंडल की पछुवा हवाओं के बीच ट्रफ के रूप में सक्रिय है।

