• Sat. Nov 7th, 2026

शहर को अतिक्रमण मुक्त करने की मुहिम लगातार जारी, कलेक्टर सूर्यवंशी ने हाट रोड का निरीक्षण किया, अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

BySurendra Jain

Dec 13, 2022

खबर पक्की, 13 दिसंबर, रतलाम। शहर को अतिक्रमण से मुक्त करने तथा स्वच्छ, सुंदर बनाने के लिए अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी मंगलवार को शहर के हाट रोड पहुंचे, कलेक्टर ने पैदल चलते हुए संपूर्ण हाट रोड का निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने दुकानदारों, भू-स्वामियों से चर्चा की, उनके द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। जिन मकानों तथा दुकानों द्वारा अपनी सीमा से आगे बढ़कर अतिक्रमण कर लिया गया है उनके अतिक्रमण तोडऩे के निर्देश निगम अमले को दिए। इसके पूर्व कलेक्टर ने समय सीमा देते हुए मकान मालिको, दुकानदारों को स्वयं ही अपने अतिक्रमण हटाने के लिए कहा। निगमायुक्त श्री हिमांशु भट्ट, कार्यपालन यंत्री श्री जी.के. जायसवाल, स्वास्थ्य अधिकारी श्री ए.पी. सिंह मौजूद थे।
कलेक्टर द्वारा अतिक्रमणकर्ताओं को नोटिस देने के निर्देश दिए गए। इस दौरान हाट रोड पर नालों की गंदगी को देखकर कलेक्टर सख्त नाराज हुए। निगम के स्वास्थ्य अधिकारी को कड़े शब्दों में सफाई कराने के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दुकानदारों द्वारा अपनी सीमा से आगे बढ़कर अपनी दुकान की सामग्री सड़क पर विक्रय के लिए रख दी गई। कई दुकानदारों ने अपनी दुकान के आगे अस्थाई शेड बना दिए। कलेक्टर द्वारा समस्त अतिक्रमण हटाने, दुकानदारों को अपनी सीमा में रहने के लिए निर्देशित किया गया। निगम अमले को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।

error: Content is protected !!