• Sat. Nov 7th, 2026

आयुष्मान आपके परिवार की सुरक्षा की योजना है : काश्यप, ईश्वर नगर में आयोजित समारोह में 300 से अधिक को आयुष्मान कार्ड एवं 25 हितग्राहियों को पट्टे वितरण किए

BySurendra Jain

Dec 11, 2022

खबर पक्की, 11 दिसंबर, रतलाम। शहर के ईश्वर नगर क्षेत्र में रहने वाले परिवारों को विधायक चेतन्य काश्यप द्वारा आयुष्मान कार्ड और पट्टों का वितरण किया गया। आयुष्मान योजना से जुड़े परिवार कार्ड मिलने के बाद अब आवश्यकता पडऩे पर शासन द्वारा सभी शासकीय व चिन्हित निजी अस्पतालों में पांच लाख रूपए तक का नि:शुल्क उपचार करा सकेंगे। क्ष़ेत्र के चिन्हित परिवारों को विधायक श्री काश्यप ने धारणाधिकार के तहत बने पट्टों का वितरण भी किया।
ईश्वर नगर क्षेत्र के रहवासियों को योजना का लाभ दिलाए जाने के लिए विधायक श्री काश्यप द्वारा यहां शिविर का आयोजन किया गया था। उसके माध्यम से आवेदन करने वाले 300 से अधिक परिवारों के आयुष्मान कार्ड बने है और 25 परिवारों के पट्टे बनाए गए है। आयुष्मान कार्ड और अपने सपनों के घर के लिए पट्टा मिलने से क्षेत्र के रहवासियों के चेहरे खिल उठे। श्री काश्यप ने कहा कि आयुष्मान आपके परिवार की सुरक्षा की योजना है। परिवार में जब कोई व्यक्ति बीमार होता है और उसे अस्पताल में भर्ती करना पड़ता है तो आमजन को दोहरी मार पड़ती है। एक तो परिवार के सदस्य को अस्पताल में भर्ती करने पर राशि लगती है और दूसरी तरफ काम पर भी नहीं जा पाते है।
विधायक श्री काश्यप ने कहा कि आयुष्मान कार्ड को गंभीरता से ले, जिन लोगों के कार्ड नहीं बने है, वे भी इसे बनवाए। यदि आवश्यकता पड़ी तो क्षेत्र में एक और शिविर लगाया जाएगा। इस क्षेत्र के रहवासियों की परेशानी के संबंध में रेलवे के अधिकारियों से चर्चा किए जाने के बाद यहां के लिए अंडर ब्रिज स्वीकृत हो गया है। बड़ी बात यह है कि इसके निर्माण में किसी के मकान को नुकसान नहीं होने देंगे। इसके अतिरिक्त तीन-चार माह में क्षेत्र में सड़क भी बनना शुरू हो जाएगी।
विधायक श्री काश्यप ने कहा कि क्षेत्र की कोई समस्या हो तो आपकी पार्षद अनिता कटारा से संपर्क करे। आपके क्षेत्र की परेशानियों को दूर करने के लिए वह हमेशा प्रयासरत रहती है। क्षेत्र में जो भी कच्चे मकान रह गए है, हम प्रयास करेंगे कि वह भी जल्द पक्के बने। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोहर पोरवाल, जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, पार्षद अनिता कटारा, मंडल अध्यक्ष निलेश गांधी, मयूर पुरोहित, कृष्ण कुमार सोनी, बसंतीलाल धाकड़, राजेंद्र चौहान, हेमंत राहोरी सहित पार्टी के नेता कार्यकर्ता और हितग्राही सहित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!