• Sat. Nov 7th, 2026

शहर के यातायात एवं व्यवस्था सुधार हेतु कलेक्टर श्री सूर्यवंशी उतरे सड़क पर, मुख्य बाजारों में घंटो पैदल चलते हुए व्यवस्था में सुधार कराया, अतिक्रमण पर चालान काटे, लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी गई

BySurendra Jain

Nov 29, 2022

खबर पक्की, 29 नवंबर, रततलाम। शहर में यातायात तथा व्यवस्था के सुधार हेतु कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी मंगलवार को सड़कों पर उतरे। सरकारी अमले के साथ बाजारों में घंटों पैदल चलते हुए कलेक्टर द्वारा शहर में यातायात तथा अन्य व्यवस्थाओं में सुधार कराया गया। अव्यवस्था के विरुद्ध दुकानदारों तथा अन्य व्यक्तियों को चेतावनी दी गई। दुकान के सामाग्री सीमा से आगे रखकर विक्रय करने, दुकान के आगे बढकर अतिक्रमण करने पर 200 से लेकर 5 हजार तक के चालान काटे गए। तथा अतिक्रमण तत्काल हटाने के लिए निगम अमले को निर्देशित किया।
कॉलेज रोड के सामने से पैदल चलते हुए कलेक्टर द्वारा निरीक्षण प्रारम्भ किया गया। नाहरपुरा क्षेत्र में दुकानों के सामने अव्यवस्थित खड़े वाहनों को हटवाया, चालान काटे गए, नाहरपुरा रोड पर गंभीर साईकिल स्टोर के सामने खड़े वाहन हटवाए गए, चालान बनाया। रत्नश्री केमिस्ट्री के सामने से वाहन हटाए गए, दौलतगंज में मकान निर्माण का मलबा सड़क पर मिला इस पर निगम अमले के विरुद्ध नाराजगी व्यक्त की गई। मलबा हटवाया चालान बनवाया गया, माणक चौक में फूल वाले दुकानदारों द्वारा दुकान के आगे शेड द्वारा अतिक्रमण कर लिए गए, लकड़ी लोहे के पटिये लगाकर अतिक्रमण पाया गया, सभी अतिक्रमण चालान के साथ हटवाए गए।
घास बाजार में पारस दूध डेयरी के सामने वाहन खड़े थे। गीता कंगन द्वारा अपनी दुकान के सामने अतिरिक्त सीढ़ी बनवा ली गई थी। समस्त अतिक्रमण हटवाए गए। घास बाजार में अयान कलेक्शन, बुरहानी रेडियम के सामने खड़े हुए वाहन हटवाकर चालान बनाए गए। खोकर ब्यूटी तथा सुहाना कलेक्शन के सामने खड़े वाहन भी हटवा कर चालान काटे गए। कई दुकानदारों द्वारा अपनी दुकान के आगे पत्थर रख लिए गए थे जिससे यातायात अवरूद्ध हो रहा था, हटवाए गए। इस दौरान शहर में आवारा पशुओं को देखकर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा निगम मामले को सख्त फटकार लगाई गई। हरमाला रोड पर भी दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण हटाए गए। आगे चलते हुए त्रिपोलिया गेट पर उमंग नमकीन तथा अन्य दुकानदारों द्वारा शेड बनाकर अतिक्रमण कर लिया गया था। जिन्हें हटाया गया इस दौरान रास्ते में खड़े हुए वाहन क्रेन से उठवाकर ट्रैफिक थाने पहुंचाए गए यही कार्रवाई घास बाजार में भी की गई।
चांदनी चौक की सूरत सवारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा चांदनी चौक में रोड संकरा पाए जाने पर दुकानें आगे से दो-दो फीट तोडने के निर्देश दिए ताकि सुगम यातायात संभव हो सके गए। इसी क्षेत्र में अत्याधिक रूप से वाहन बेतरतीब खड़े होने की समस्या पाई गई जिस पर दुकानदारों को सख्ती से निर्देशित किया गया साथ ही चालान भी काटे गए।
कलेक्टर ने कहा कि शहर की सूरत संवारने के लिए अभियान सतत जारी रहेगा। उनके द्वारा शहर का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाएगा। निगम अमले को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान जो भी निर्देश दिए गए हैं उनका पालन सख्ती से किया जाए। कलेक्टर द्वारा एक-दो दिनों में दोबारा आकर निरीक्षण किया जाएगा यदि निर्देश का पालन नहीं किया गया तो निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील पाटीदार, निगमायुक्त हिमांशु भट्ट, परिवहन अधिकारी दीपक माझी, सीएसपी हेमंत चौहान, शहर के सभी थाना प्रभारीगण तथा निगम का अमला मौजूद रहा।

error: Content is protected !!