• Sat. Nov 7th, 2026

विश्व मंच पर छाएगा रतलाम का युवा गौरव, फीफा वल्र्ड कप के बॉलीवुड संगीत समारोह में प्रस्तुति देंगे युवा संगीतकार सिद्धार्थ काश्यप

BySurendra Jain

Nov 3, 2022

खबर पक्की, 3 नवंबर, रतलाम। कतर के दोहा में आयोजित हो रहे फीफा वर्ल्ड कप के बॉलीवुड संगीत समारोह में 4 नवम्बर को रतलाम के प्रसिद्ध युवा संगीतकार सिद्धार्थ काश्यप अपने बैण्ड की प्रस्तुतियां देंगे। इस समारोह का दुनियाभर में सीधा प्रसारण किया जाएगा।
फीफा वर्ल्ड कप 2022 के लुसैल स्टेडियम में फुटबॉल के रोमांचक मुकाबलों से पूर्व संगीतकारों की मेहफिल सजेगी। बॉलीवुड संगीत समारोह को लेकर सभी जगह खासा उत्साह है। भारत के संगीतकार फीफा के कार्यक्रम में दुसरी बार प्रदर्शन करने जा रहे है। इससे पूर्व 2010 के वर्ल्डकप के उदघाटन समारोह में भी वे 90 हजार दर्शकों के सामने अपना प्रदर्शन कर चुके है। इस बार फीफा वर्ल्ड कप के बॉलीवुड संगीत समारोह में प्रसिद्ध संगीतकार सिद्धार्थ काश्यप अपने बैंड परफेक्ट अमल्गेशन के साथ भारतीय एवं पाश्चात्य वाद्य यंत्रों के फ्युजन के साथ अभिनव प्रस्तुतियां देंगे। समारोह में भारतीय संगीतकार सलीम सुलेमान और प्रसिद्ध गायिका सुनिधि चौहान की प्रस्तुतियां भी होंगी।
युवा संगीतकार सिद्धार्थ काश्यप फीफा वर्ल्ड कप से पूर्व हो रहे इस आयोजन को लेकर काफी उत्सुक है। इसमें उन्हें दुनियाभर के लोगों के सामने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। रतलाम के युवाओं के लिए भी यह अवसर काफी गौरवशाली होगा, क्योंकि पहली बार यहां के एक युवा संगीतकार दुनिया के सबसे बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इससे रतलाम को नई पहचान मिलेगी।

error: Content is protected !!