खबर पक्की, 13 सितंबर, रतलाम। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। इस दौरान अपर कलेक्टर एम.एल. आर्य तथा निगम आयुक्त अभिषेक गहलोत द्वारा जनसुनवाई करते हुए 56 आवेदनों पर निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
जनसुनवाई में ग्राम हुमाखेडा निवासी मोहनलाल मालवीय ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी का पुराने मकान की जमीन पर आस-पडौसियों द्वारा जबरन कब्जा कर लेट-बाथ बनाकर पक्का निर्माण कर लिया गया है जिससे प्रार्थी को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड रहा है। जब भी पड़ोसियों से अतिक्रमण हटाने संबंधी बात की जाती है तो उनके द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी जाती है जिससे प्रार्थी मानसिक रुप से काफी त्रस्त हो चुका है। अत: अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाए। आवेदन निराकरण के लिए एसडीएम जावरा को भेजा गया है। जवाहर नगर सी कालोनी निवासी दिव्यांग श्रीमती मंजू पाल ने आवेदन में बताया कि प्रार्थिया तथा उसके पति दोनों दिव्यांग हैं तथा हमारे पास आय का कोई साधन नहीं होने से परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। अत: प्रार्थिया को कहीं भी रोजगार उपलब्ध कराया जाए। आवेदन संबंधित विभाग को निराकरण के लिए प्रेषित किया गया है।
इसी प्रकार जनसुनवाई में ग्राम रायपाडा तहसील बाजना निवासी प्रभु ने आवेदन में बताया कि प्रार्थी मेहनत, मजदूरी करके अपने परिवार का लालन-पालन करता है तथा गत दो वर्षों से प्रार्थी को राशन भी प्राप्त नहीं हो रहा है तथा राश दुकानदार द्वारा प्रार्थी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए भगा दिया जाता है तथा राशन नहीं दिया जाता है। अत: राशन प्रदान करवाया जाए। कल्याण नगर रतलाम निवासी अनिल गढवाल ने जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी कई प्रकार की गंभीर बीमारी से पीडित है तथा पारिवारिक आय बहुत कम है तथा परिवार का पालन-पोषण करने में कठिनाई का सामना करना पडता है। अत: प्रार्थी को आयुष्मान कार्ड का लाभ प्रदान किया जाए, जिससे प्रार्थी समुचित उपचार करवा सके। आवेदन नगर पालिक निगम को निराकरण हेतु प्रेषित किया गया है।

