• Sat. Nov 7th, 2026

हम प्रगति में विश्वास रखते हैं, किसी के बहकावे में नहीं आएंगे, जुलवानिया, रामपुरिया के आदिवासी ग्रामीणों ने कलेक्टर, एसपी से कहा

BySurendra Jain

Aug 19, 2022

खबर पक्की, 19 अगस्त, रतलाम। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी शुक्रवार को औद्योगिक निवेश क्षेत्र के अन्तर्गत इंडस्ट्रीयल कारिडोर के फायदों की जानकारी बताने तथा भ्रांतियों को दूर करने के लिए ग्राम जुलवानिया तथा रामपुरिया पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि आपकी हर समस्या के निराकरण के लिए शासन, प्रशासन आपके साथ हैं, तब चर्चा में ग्रामीण आदिवासियों ने कहा कि हम प्रगति में विश्वास रखते हैं, हम किसी के बहकावे में नहीं आएंगे।
ग्रामीणों ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि कलेक्टर-एसपी तथा प्रशासनिक अधिकारी हमारे गाँव आए है, हमारी बात को गंभीरता से सुना जा रहा है, हमारी हर समस्या के निराकरण के लिए कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों ने औद्योगिक निवेश क्षेत्र के फायदों से सहमति जताई। इस दौरान जुलवानिया में ग्रामीणों के आग्रह पर कलेक्टर ने पशु चारागाह के लिए सुरक्षित भूमि घोषित करने हेतु एसडीएम को निर्देशित किया। गांव में बड़े तालाब के निर्माण के लिए ग्राम पंचायत सचिव को ठहराव प्रस्ताव कराने के निर्देश दिए। परीक्षण उपरांत कार्य स्वीकृत किया जाएगा।
कलेक्टर एसपी से चर्चा करते हुए मौजूद सरपंच छोटेलाल भाभर तथा कचरू डाबी, मुकेश हारी, जीवन भाभर, सीताराम ओहरी आदि ग्रामीणों ने कहा कि अब हमें वास्तविकता का पता चला है। कतिपय व्यक्तियों द्वारा हमें वास्तविकता से अवगत नहीं कराया गया था। हम किसी के बहकावे में नहीं आएँगे, हम कानून एवं प्रशासन के साथ हैं, बगैर अनुमति किसी भी आयोजन में सम्मिलित नहीं होंगे। कलेक्टर ने ग्रामीणों से कहा कि आपकी जो भी समस्या है उसके निराकरण के लिए संपर्क कर सकते हैं। तत्काल निराकरण करवाया जाएगा। कलेक्टर ने क्षेत्र में पानी की जांच के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी की भी निजी भूमि औद्योगिक निवेश क्षेत्र के लिए नहीं प्राप्त की जा रही है। पशुओं के चारागाह के लिए भी भूमि आरक्षित कर दी जाएगी। औद्योगिक निवेश क्षेत्र गांव से दूरस्थ निर्मित हो रहा है, ग्रामीणों को कोई भी समस्या नहीं आने वाली है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने भी ग्रामीणों से चर्चा की। एसडीएम संजीव पाण्डे, सीएसपी हेमन्त चौहान भी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!