• Sat. Nov 7th, 2026

रोजगार दिवस पर लगभग 40 हजार हितग्राहियो ंको लाभान्वित किया जाएगा, 27 अगस्त के आयोजन हेतु कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बैठक लेकर रूपरेखा तय की

BySurendra Jain

Aug 18, 2022

खबर पक्की, 18 अगस्त, रतलाम। आगामी 27 अगस्त को रतलाम मुख्यालय पर भी रोजगार दिवस का आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय पर बरबड़ विधायक सभागृह में होने वाले आयोजन में जिले के लगभग 40 हजार हितग्राही शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किए जाएंगे। उनको रोजगार स्वरोजगार के लिए ऋण स्वीकृति तथा वितरण होगा।
आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए एक बैठक कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी द्वारा गुरुवार को आयोजित की गई जिसमें अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र महाप्रबंधक श्री शर्मा, उप संचालक उद्यानिकी पी.एस. कनेल, शहरी विकास अभिकरण परियोजना अधिकारी अरुण पाठक, अग्रणी बैंक प्रबंधक दिलीप सेठिया आदि अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने रोजगार दिवस आयोजन की रूपरेखा निर्धारित करते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक संबंधित विभाग अपने हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए फोकस करें। बैंकों से निरंतर संपर्क करते हुए हितग्राही प्रकरणों को स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में लावे।
बैठक में बताया गया कि लगभग 40 हजार हितग्राहियों को कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभान्वित किया जाने का लक्ष्य है। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि नगर निगम मुख्यमंत्री स्ट्रीट वेंडर योजना में 5 हजार हितग्राहियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखें। पशु चिकित्सा सेवा विभाग अपने जिले के सभी पशुपालकों को केसीसी दिलवाए। जिले में लगभग सवा लाख पशुपालक हैं। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि विभिन्न चरणों में शत-प्रतिशत पशुपालकों को केसीसी उपलब्ध करवा दिया जाए। मत्स्य विभाग को उनकी समस्त मछुआ सहकारी समिति सदस्यों को केसीसी उपलब्ध करवाने के लिए निर्देशित किया गया।
बैठक में कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा में विभागीय कार्यो के प्रति उदासीनता बरतने पर सख्त नाराजगी जाहिर की गई। कलेक्टर ने समीक्षा में पाया कि जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, उद्यानिकी, पशु चिकित्सा इत्यादि विभागों द्वारा समयबद्ध कार्यक्रम तैयार नहीं किया गया है, इस कारण त्रैमासिक रूप से लक्ष्य अर्जित करने में दिक्कत आ रही है। इसके बाद कलेक्टर द्वारा अपने समक्ष उक्त विभागों के अधिकारियों को साथ लेकर समयबद्ध कार्यक्रम तैयार करवाया गया जिसके तहत विभिन्न चरणों में हितग्राहियों का चयन उनके प्रकरणों को बैंकों में प्रस्तुत करना, उनकी स्वीकृति तथा वितरण का समय निर्धारित किया गया। कलेक्टर ने नियोजित ढंग से कार्य योजना तैयार करने के निर्देश सभी विभागों को दिए। बैठक में कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने स्पष्ट किया कि आगामी 1 सप्ताह तक संबंधित विभागों के किसी भी अधिकारी, कर्मचारी को अवकाश नहीं मिलेगा तथा वह मुख्यालय के बाहर भी नहीं जाएगा।

error: Content is protected !!