खबर पक्की, 10 अगस्त, रतलाम। जिला प्रशासन द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के तहत मालवी बोली में जन-जन तक हर घर तिरंगा अभियान के संदेश को प्रसारित करने के उद्देश्य से एक अभिनव गीत तैयार किया है। इस गीत की प्रस्तुति गत दिवस विधायक रतलाम शहर चेतन्य काश्यप, विधायक जावरा डॉ. राजेन्द्र पांडे, विधायक रतलाम ग्रामीण दिलीप मकवाना, राजेंद्र सिंह लुनेरा, पूर्व विधायक जितेन्द्र गेहलोत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई शंभूलाल, उपाध्यक्ष केशूराम निनामा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष परमेश मईड़ा एवं जिला पंचायत सदस्यों की उपस्थिति में करते हुए लांचिंग की गई।
कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन में तैयार की गई इस प्रस्तुति में अभियान को लेकर माननीय मुख्यमंत्री एवं जनप्रतिनिधियों के संदेश के साथ ही ग्रामीण जनजीवन की झलक एवं हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जन जन में जागरूकता की भावना को प्रसारित किया गया है।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत निर्मित इस मालवी गीत के गीतकार आशीष दशोत्तर हैं। गायन एवं संगीत संजय चौधरी का तथा ऑडियो एंड वीडियो संपादन श्री बंटी लुईस ने किया है। मालवी में तिरंगे की विशेषताओं को बताता यह गीत हर घर तिरंगा अभियान की भावना को सार्थक करता है। तम भी आओ, तम भी आओ, सब मिलने यो गावां इन पंक्तियों से शुरू इस गीत में तिरंगे के तीनों रंगों की ख़ासियत और अशोक चक्र के साथ देश के विकास की गति को प्रदर्शित किया गया है। उक्त गीत को लॉन्चिंग के साथ ही यूट्यूब पर भी जारी किया गया है। इसे लिंक https://youtu.be/ lVp0prGM8hg पर देखा जा सकता है।

