खबर पक्की, 11 जुलाई, रतलाम। नगरीय निकाय निर्वाचन के द्वितीय चरण के लिए मतदान की प्रक्रिया 13 जुलाई को होगी। मतदान दलों को मतदान सामग्री का वितरण 12 जुलाई को किया जाएगा। मतदान सामग्री प्राप्त कर मतदान दल इसी दिन मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगे और अपने मतदान केंद्रों की समस्त व्यवस्थाएं पूर्ण करेंगे।
दूसरे चरण में रतलाम जिले के छह नगरीय निकायों में मतदान की प्रक्रिया होना है। नगर पालिक निगम रतलाम में महापौर एवं 49 पार्षद पदों के लिए मतदान की प्रक्रिया होगी। इसके लिए यहां 270 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। नगर पालिका परिषद जावरा में 30 पार्षद पदों के लिए मतदान की प्रक्रिया होगी, जिसके लिए 65 मतदान केंद्रों की स्थापना की गई है । नगर परिषद नामली, नगर परिषद पिपलोदा, नगर परिषद बड़ावदा एवं नगर परिषद धामनोद में 15 -15 पार्षद पदों के लिए मतदान की प्रक्रिया होगी, जहां प्रत्येक स्थान पर 15 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं । मतदान के लिए संबंधित मुख्यालय से मतदान दलों को सामग्री का वितरण 12 जुलाई को किया जाएगा।
व्यय प्रेक्षक श्री मिश्रा ने एमसीएमसी कक्ष का अवलोकन किया
नगरीय निकाय निर्वाचन- 2022 के तहत राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त व्यय प्रेक्षक श्री सुनील मिश्रा ने मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) कक्ष का अवलोकन किया।
श्री मिश्रा ने जिला जनसंपर्क कार्यालय में स्थापित एमसीएमसी कक्ष का अवलोकन कर यहां की व्यवस्थाओं को देखा। टेलीविजऩ न्यूज़ एवं प्रिंट न्यूज़ के अवलोकन की प्रक्रिया की जानकारी ली। एमसीएमसी कक्ष में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने दैनिक समाचार अवलोकन की प्रक्रिया एवं संदेहास्पद समाचारों की अब तक की स्थिति से श्री मिश्रा को अवगत कराया गया। श्री मिश्रा ने एमसीएमसी कक्ष में संधारित की जा रही पंजियों का भी अवलोकन कर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान निर्वाचन व्यय के नोडल अधिकारी श्री तरुण त्रिपाठी भी मौजूद थे।

