खबर पक्की: 20 जून रतलाम, पार्षदों के लिए भाजपा के 32 बागी चुनावी मैदान में है वही महापौर के लिए भी भाजपा के अनेक बागी चुनाव मैदान में है। भाजपा जैसी कैडर बेस और अनुशासित पार्टी कही जाने वाली पार्टी में इतनी भारी तादाद में बागियों का चुनाव लड़ना और भाजपा द्वारा बागियों को मनाने के लिए कोई प्रयास नहीं करना लगता है भाजपा अति आत्मविश्वास में आकंठ डूबी हुई है। और यह अति आत्मविश्वास कहीं उसके पतन का कारण न बन जाए। भक्त प्रल्हाद तो हिरण्यकश्यप के 84 बार मारने के प्रयासों के बावजूद राम नाम में विश्वास के कारण बच जाता है। किंतु भाजपा से महापौर पद के प्रत्याशी प्रह्लाद पटेल और रतलाम भाजपा के सुपर पावर विधायक चैतन्य कश्यप ने समय रहते बागियों को नहीं संभाला और बागियों के समर्थकों को विश्वास में नहीं लिया तो ये बागी भाजपा की नैया डूबा भी सकते हैं। कहावत है की बड़ा पहलवान पिद्दी से मात खा जाता है और कभी-कभी अच्छा तैराक कम पानी में भी डूब जाता है। अगर समय रहते संगठन ने इस पर काम नहीं किया तो यह मसल चरितार्थ हो सकती है।

