• Sat. Nov 7th, 2026

बड़ा हादसा टला, रतलाम रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट में फंसे 28 यात्री

BySurendra Jain

May 27, 2022

खबर पक्की, 27 मई, रतलाम। शुक्रवार सुबह रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर लगी लिफ्ट में यात्री फंस गए। इससे करीब 45 मिनट तक घबराहट और हंगामे की स्थिति बनी रही। सूचना पर रेलवे के इलेक्ट्रिक विभाग आरपीएफ व जीआरपी अमले ने मौके पर पहुंचकर जैसे तैसे लिफ्ट का गेट खुलवा कर यात्रियों को बाहर निकाला। समय पर गेट खोलने से बड़ा हादसा टल गया।
रतलाम से इंदौर के लिए सुबह 6.35 बजे रवाना होने वाली डेमू ट्रेन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफार्म नंबर 1 व 2 पर लिफ्ट लगाई है। डेमू ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 1 से रवाना होती है, जबकि स्टेशन पर यात्रियों का प्रवेश प्लेटफार्म नंबर 2 पर बने नए प्रवेश गेट से होता है। प्लेटफार्म एक पर जाने के लिए पैदल पुल से होकर जाना पड़ता है और इसी के पास लिफ्ट भी लगी हुई है। शुक्रवार सुबह प्लेटफार्म नंबर 2 पर लगी लिफ्ट में करीब 28 यात्री सवार हो गए और उनके साथ सामान भी था।
अत्यधिक वजन होने से गेट बंद होने के बाद लिफ्ट ऊपर नहीं गई और गेट भी लॉक हो गया। इससे लिफ्ट के अंदर यात्रियों में हड़कंप मच गया और सभी शोर मचाने लगे। सूचना पर ताबड़तोड़ आरपीएफ जीआरपी सहित रेलवे के इलेक्ट्रॉनिक विभाग का अमला पहुंचा और रॉड के माध्यम से गेट को थोड़ा सा खोलकर हवा आने जाने के लिए रास्ता बनाया गया, जिससे अंदर खड़े यात्रियों को सांस लेने में कोई परेशानी नहीं हुई। करीब 40-45 मिनट बाद लिफ्ट का गेट खोला गया तब सभी ने राहत की सांस ली। इस दौरान ट्रेन भी खड़ी रही और बाद में सभी यात्रियों और ट्रेन तक पहुंचाया गया। आरपीएफ के अनुसार और ओवरलोडिंग के कारण यह समस्या हुई थी लिफ्ट में 20 से ज्यादा व्यक्ति सवार नहीं हो सकते थे।

error: Content is protected !!