• Wed. Sep 23rd, 2026

स्वयं सहायता समूहों को उत्पाद विक्रय के लिए बाजार सुविधा उपलब्ध कराएं, कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने बैठक में दिए निर्देश, जनपद रतलाम तथा बाजना के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को वेतनवृद्धि रोकने के लिए नोटिस

BySurendra Jain

May 14, 2022

खबर पक्की, 14 मई, रतलाम। जिले के ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं, कार्यक्रमों की समीक्षा कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम द्वारा शनिवार को एक बैठक में की गई। इस दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों द्वारा उत्कृष्ट उत्पाद बनाए जा रहे हैं जिनको मार्केटिंग की जरूरत है। इसके लिए जनपद मुख्यालयों पर दुकान उपलब्ध कराकर बाजार सुविधा दी जाना चाहिए। इसके लिए कार्य योजना तैयार करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती जमुना भिड़े, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्रीमती विनीता लोढा, हिमांशु शुक्ला, शाकिर मंसूरी, महेंद्रसिंह, नरेश भाल, सुजीत मालवीय आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कलेक्ट्रेट परिसर में भी स्वयं सहायता समूह उत्पादों के विक्रय प्रदर्शन हेतु एक आउटलेट निर्मित किया जाए ताकि समूह की सदस्य आर्थिक रूप से मजबूत हो सके, उनको प्रोत्साहन भी मिलेगा। ग्रामीण विकास योजनाओं कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान पाया कि उपयंत्रियों द्वारा ठीक ढंग से कार्य नहीं किया जा रहा है। कलेक्टर ने सख्त नाराजगी के साथ चेतावनी दी कि आगामी बैठक के पूर्व यदि उपयंत्रियों द्वारा अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया गया तो सेवाकाल अवधि आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि चूँकि उपयंत्री अपने मुख्यालय पर नहीं रहते हैं, उनकी मुख्यालय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए एक मोबाइल ऐप की सुविधा प्राप्त की जाए। ऐप के माध्यम से प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाएगी जिससे पता चल जाएगा कि वह मुख्यालय पर है अथवा नहीं।
कलेक्टर ने ग्रामीण विकास योजनाओं की कमजोर प्रगति एवं लक्ष्य अर्जित नहीं कर पाने की स्थिति में अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनपद पंचायत रतलाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रामपालसिंह करजरे तथा बाजना जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजय गुप्ता की 2- 2 वेतन वृद्धि रोकने के लिए शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री धनोतिया की ढीली कार्यप्रणाली पर भी सख्त नाराजगी व्यक्त की, कहा कि निर्माण कार्यों में देरी पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के साथ-साथ श्री धनोतिया भी जिम्मेदार रहेंगे। कलेक्टर ने काम की गुणवत्ता सुधारने के भी निर्देश दिए।

You missed

error: Content is protected !!