खबर पक्की, 5 अप्रैल, रतलाम। संसार के समस्त सुख-संपत्तियों और वैभव का त्याग कर संयम मार्ग पर अग्रसर मुमुक्षु शांतिलाल गांधी एवं ज्योति चौहान का नगर में ऐतिहासिक वर्षीदान वरघोडा निकला। नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए यह वरघोडा नोलाईपुरा स्थित श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल स्थानक पहुंचकर धर्मसभा में परिवर्तित हो गया।
स्थानक में मालव केसरी प्रसिद्ध वक्ता पूज्य गुरुदेव सौभाग्यमल जी मसा के सुशिष्य श्रमण संघीय प्रवर्तक पंडित रत्न पूज्य श्री प्रकाश मुनिजी मसा निर्भय ने दीक्षार्थियों को आशीर्वाद प्रदान कर धर्मालुजनों को महामांगलिक श्रवण कराई। उन्होंने कहा कि संयम के कठिन मार्ग पर चलकर दीक्षार्थी आत्म कल्याण की और अग्रसर हो रहे है। इनकी अनुमोदना के लिए सभी कोई ना कोई त्याग का संकल्प ले। इससे पूर्व अभिग्रहधारी, उग्र विहारी तपस्वी श्री राजेश मुनिजी मसा ने समाजजनों से एकजुटता का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि एकता में ही सबकी विजय है।
धर्मसभा के पूर्व रतलाम श्री संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश मूणत, श्री सौभाग्य अणु प्रकाश दीक्षा महोत्सव समिति के संयोजक संदीप चौरडिय़ा एवं रखब चत्तर की अगुवाई में हनुमान रूण्डी से वर्षीदान वरघोडा आरंभ हुआ, जो चौमुखीपुल, चांदनी चौक, तोपखाना, न्यू क्लाथ मार्केट, माणक चौक घांस बाजार होते हुए नोलाईपुरा पहुंचा। श्री सौभाग्य जैन नवयुवक मंडल के अध्यक्ष नीलेश मेहता एवं सचिव राजेश बोरदिया ने बताया कि वरघोडें में आगे घुडसवार धर्म ध्वजा लिए चल रहे थे। उनके पीछे स्वप्नाजी की प्रदर्शनी, बैंड-बाजे, ढोल पार्टी रहे। युवाओं ने आकर्षक साफे पहने जबकि महिलाए भी केशरिया वस्त्रों में शामिल हुई। आदिवासी नृतक दल अपनी आकर्षक प्रस्तुतियां देता चला। दीक्षार्थी बग्गियों में सवार होकर वर्षीदान करते चल रहे थे।
वरघोडें में महाराष्ट्र सौरभ उप प्रवर्तनी, श्री सुमनप्रभाजी मसा की निश्रा में अध्ययनरत मुमुक्षु जलगांव निवासी कु दीक्षा-रविन्द्र भंसाली एवं पूणे निवासी अंकिता-सुनील लुणिया भी शामिल हुए। चांदनी चौक में श्री सौभाग्य महिला मंडल एवं माणक चौक में श्री सौभाग्य प्रकाश भक्त मंडल द्वारा स्वागत किया गया। धर्मसभा में श्री सौभाग्य तीर्थ के अध्यक्ष सुरेन्द्र गादिया ने देश के विभिन्न स्थानों से आए धर्मानुरागियों का स्वागत किया। संचालन सौरभ मूणत ने किया। प्रभावना वितरण एवं स्वामी वात्सल्य का लाभ श्री सौभाग्य अणु प्रकाश दीक्षा महोत्सव समिति ने लिया।
सौभाग्य तीर्थ में संपन्न होगा पांच दिवसीय दीक्षा महोत्सव
सागोद रोड स्थित श्री सौभाग्य तीर्थ परिसर में 6 अप्रैल को सुबह 10 बजे मुमुक्षु शांतिलाल गांधी एवं कु ज्योति चौहान, श्रमण संघीय प्रवर्तक पंडित रत्न पूज्य श्री प्रकाश मुनिजी मसा निर्भय के मुखारविंद से जैन भागवती दीक्षा ग्रहण करेंगे। इससे पूर्व उनकी जैन दिवाकर स्मारक से महाभिनिष्क्रमण यात्रा निकाली जाएगी। मंगलवार सुबह बजाजखाना में हेमराज गांधी परिवार द्वारा वरथाल का आयोजन किया गया। इसमें दीक्षार्थीगण ने संत एवं महासती मंडल को वस्त्रादि वहराये। इस दौरान सेवाभावी पूज्य श्री दर्शन मुनिजी मसा, श्री राजेन्द्रमुनिजी मसा, पूज्या महासती श्री रमणीककुंवरजी दमू, श्री रमणीककुंवरजी रंजन, श्री चंदनबालाजी, श्री नूतनप्रभाजी, श्री वंदना जी, श्री कल्पना जी, श्री चंदना जी, श्री चेतना जी, श्री महिमाजी,श्री लाभोदया जी आदि उपस्थित रहे।

