विधानसभा घेराव करने आए छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बुधवार को जमकर लाठियां बरसाईं. इस दौरान पार्टी के कई आंदोलनकारी लहूलुहान हो गए. लाठीचार्ज के दौरान कई लोगों के हाथ टूटे तो कई लोगों के पैर, कुछ लोगों के तो सिर तक फूट गए. दरअसल अजीत जोगी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विधानसभा की ओर जाने वाले मार्ग पर प्रदर्शन किया था.
तय शुदा मार्ग पर जब धारा 144 का उल्लंघन हुआ तो पुलिसकर्मियों ने आंदोलनकारियों को चेताया. इसके बावजूद आंदोलनकारी जब धारा 144 का उल्लंघन कर विधानसभा मार्ग की ओर बढ़ने लगे तब पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा. इस घटना में दो दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हुए है. हालांकि आठ पुलिस कर्मियों को भी चोट आयी है.
रायपुर में विधानसभा का घेराव करने के लिए सड़कों पर उतरे जोगी समर्थक कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया. प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बर्बतापूर्वक लाठियां बरसाई. इतना ही नहीं कई प्रदर्शनकारियों के तो सिर और पैर में बेहद गंभीर चोटें भी आई. प्रदर्शनकारियों ने जब रोके जाने पर पुलिस पर पत्थर, कुर्सियां और लाठियां फेंकी. जोगी समर्थक किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे.
धान का मूल्य बढ़ाने की मांग
उनकी मांग थी कि बीजेपी अपने घोषणा पत्र के अनुसार किसानों को उनके धान का समर्थन मूल्य 2150 रूपये दें. इसके अलावा वो किसानों को 150 रूपये प्रति क्विंलल के स्थान पर 300 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने की भी मांग कर रहे हैं. इस मामले को लेकर कई बार कांग्रेस भी प्रदर्शन कर चुकी है. इन दिनों छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र चालू है. लिहाजा बीजेपी विरोधी कई राजनैतिक दल और संगठन रमन सिंह सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे है.
