• Wed. Sep 16th, 2026

आवेदकों की समस्याओं का त्वरित एवं संतोषजनक हल करें, जनसुनवाई में 65 आवेदकों ने अपने आवेदन दिए

BySurendra Jain

Oct 26, 2021

खबर पक्की, 26 अक्टूबर, रतलाम। प्रति मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई के दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में 65 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए। कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने आवेदकों की समस्याओं को सुनते हुए उनका शीघ्र निराकरण करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि सभी आवेदकों की समस्याओं का त्वरित एवं संतोषजनक हल किया जाए। जनसुनवाई में आवास आवंटन, भूमि पंजीयन, शिक्षा शुल्क में रियायत, सीमांकन आदि बिंदुओं से संबंधित आवेदन दिए गए।
शिक्षण शुल्क माफ करने के निर्देश
कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम के समक्ष पूनम विहार कॉलोनी निवासी सुनीता पति स्वर्णसिंह ने आवेदन देते हुए बताया कि उनके पति की कोरोना काल में मृत्यु हो गई है। उनकी दो पुत्रियां, 12 वर्ष की एवं 3 माह की है। पति की प्राइवेट नौकरी थी। पति के जाने के बाद घर में रोजगार का कोई साधन नहीं है। बड़ी मुश्किल से गुजारा हो रहा है। बड़ी बेटी प्रांजल निजी विद्यालय में पढ़ती है। वहां फीस भरने के लिए दबाव दिया जा रहा है । इस पर कलेक्टर ने निर्देशित किया कि उक्त बालिका की स्कूल फीस विद्यालय से माफ करवाई जाए।
एक अन्य आवेदन में रेल नगर निवासी सोनू भाटी ने बताया कि कोरोना काल में परिवार की आजीविका का साधन नहीं रहा। उनके तीन बच्चे हैं, जो निजी स्कूल में पढ़ते हैं, एक बच्ची की फीस उन्होंने जमा कर दी है। स्कूल द्वारा दो बच्चियों की फीस भरने के लिए दबाव बनाया जा रहा है । एसएलसी मांगने पर नहीं दी जा रही है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विद्यालय द्वारा एक बालिका की फीस माफ करवाई जाए और एक अन्य बालिका की फीस भरने की व्यवस्था स्थानीय प्रबंध से की जाए।
तत्काल आर्थिक सहायता देने के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान बरगुंडों का वास निवासी भारती पति पूनमचंद ने अपना आवेदन देते हुए बताया कि उनके पति का स्वर्गवास कोरोना काल में हो गया है। पति की मृत्यु के बाद परिवार में कमाई का कोई साधन नहीं रहा है। उन्हें शासन के नियमानुसार अभी तक आर्थिक सहायता भी प्राप्त नहीं हुई है, परिवार का गुज़ारा मुश्किल हो रहा है। कलेक्टर ने अपर कलेक्टर को निर्देशित किया कि उक्त आर्थिक सहायता के प्रकरण का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें और पीडि़ता को रेड क्रॉस के माध्यम से दस हज़ार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। इसी प्रकार एक अन्य आवेदन में रतलाम निवासी अशोक वर्मा ने अपने पुत्र के मेडिकल अध्ययन के लिए आर्थिक सहायता संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि बैंकों द्वारा उन्हें ऋण उपलब्ध नहीं हो रहा है । कलेक्टर ने इस पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए साथ ही प्रभावित को तत्काल रेडक्रॉस से पंद्रह हज़ार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करवाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पवन कुमार, सत्येंद्र तिवारी एवं अन्य द्वारा आवेदन देते हुए बताया गया कि रतलाम नगर में रचना हाउसिंग फर्म के उपक्रम सम्यक लैंड मार्क प्लेटिनम वेली महू रोड पर भूखंड आवंटन हेतु संपूर्ण राशि का भुगतान किया जा चुका है। इसके बाद भी कॉलोनाइजर द्वारा कॉलोनी में विकास कार्य नहीं किए जा रहे हैं एवं रजिस्ट्री भी नहीं की जा रही है। दिनोंदिन निर्माण लागत बढऩे से आर्थिक नुकसान हो रहा है। कलेक्टर ने उक्त प्रकरणों के निराकरण के संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए।
रतलाम निवासी मोहनलाल पालीवाल ने अपने आवेदन में बताया कि उनकी पुत्री का विवाह 22 एवं 23 मई 2021 को निश्चित हुआ था। विवाह के लिए उन्होंने कसारा बाजार स्थित धर्मशाला में अपनी बुकिंग करवाई थी और बुकिंग के साथ अग्रिम राशि 28 हज़ार रुपए भी जमा करवाए थे । कोरोना प्रोटोकाल के कारण उक्त विवाह समारोह नहीं हो सका । इसके बाद धर्मशाला प्रबंधक द्वारा उनकी अग्रिम राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। कलेक्टर ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से अपने आवेदन लेकर उपस्थित हुए आवेदकों की समस्याओं के निराकरण के संबंध में आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

error: Content is protected !!