• Fri. Sep 18th, 2026

जावरा में मकान का छज्जा गिरने से भाई-बहन की मौत

BySurendra Jain

Feb 25, 2021

खबर पक्की, 25 फरवरी, रतलाम। जिले के जावरा नगर में लक्ष्मी बाई मार्ग पर गुरेल वाली मस्जिद के समीप एक व्यापारी के पुराने मकान को गिराने के दौरान पास वाले मकान का छज्जा गिर गया। छज्जे के मलबे में दबने से 25 वर्षीय मंजूबाई पत्नी दिनेश झोडिय़ां निवासी ग्राम कागलीखोड़ा थाना बाजना और उसके छोटे भाई 19 वर्षीय पंकज पुत्र गौतम पारगी निवासी ग्राम मातर थाना सैलाना की मौत हो गई। वहीं हादसे में मंजू बाई की 4 वर्षीय बेटी पिंका तथा 1 वर्षीय बेटी शिवानी घायल हो गई। दोनों बच्चियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह 11.30 बजे इलेक्ट्रॉनिक सामान के विक्रेता धनसुख लाल चोड़रिया के पुराने मकान को तोडऩे का काम किया जा रहा था। तभी पास में ही स्थित उनके दूसरे मकान का छज्जा अचानक गिर गया। छज्जा गिरने से उसके नीचे काम कर रही मंजूबाई व उसका भाई पंकज और उसकी दोनों बच्चियां मलबे की चपेट में आ गई। इससे मंजू बाई की मौके पर ही मलबे में दबने से मौत हो गई। पंकज, शिवानी और पिंका को मलबे से निकालकर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में पंकज ने दम तोड़ दिया। मंजुबाई के पति दिनेश ने नईदुनिया को बताया कि वे पांच-छह दिन से उक्त मकान का मलबा ट्रैक्टर में भरने का कार्य कर रहे थे। घटना के समय वह तगारी भरकर ट्रैक्टर ट्राली में डाल रहे थे व मंजू बाई मलबा तगारी में भरने का काम कर रही थी। बच्चे पास में बैठे हुए थे, तभी अचानक छज्जा गिरने से हादसा हो गया।

You missed

error: Content is protected !!