श्री नगर। जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में स्थित त्राल में सुरक्षा बलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया है। दो और आतंकियों के छुपे होने की आशंका के बीच सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर रखा है और इलाके में मुठभेड़ अभी जारी है। पुलवामा जिले में इंटरनेट कनेक्शन काट दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ में मारे गए ये तीनों आतंकी अलकायदा के एरिया कमांडर जाकिर मूसा के कोर ग्रुप में शामिल थे। मारे गए आतंकियों में से दो की पहचान जाहिद और इसहाक के रूप में हुई है। अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन अलकायदा ने पिछले दिनों कश्मीर में अपनी जड़े फैलाने के मकसद से गजवा–ए–हिंद नाम का संगठन बनाने और मूसा को इसका प्रमुख बनाने की घोषणा की थी।
सुरक्षा एजेंसियों को त्राल के गुलाब बाग इलाके में तीन आतंकियों के छुपे होने की खबर मिली थी, इसके बाद सेना ने एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) और सीआरपीएफ के साथ मिलकर इलाके की घेराबंदी कर दी। ऐसे में खुद को सुरक्षा बलों से घिरा हुआ देख आतंकियों ने गोलियां चलानी शुरू कर दी, जिसके जवाब सुरक्षाबलों ने इलाके में मोर्चा संभाल लिया।
घाटी से आतंकियों के खात्मे के लिए सेना ने आपरेशन आल आउट चला रखा है। आतंकियों की लिस्ट बनाई गई है और उसी लिस्ट के आधार पर लगातार आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। पिछले करीब एक महीने में तकरीबन 115 आतंकियों को ढेर किया जा चुका है।
