रतलाम। एक्ट्रोसिटी एक्ट के विरोध में जिले के आलोट में केंद्र सरकार के दो ताकतवर मंत्रियों को सपाक्स के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। मंत्रियों को काले झंडे दिखाए गए। इस बीच पुलिस ने चार दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया। मंत्रियों के आने पर एक्ट के विरोध में पूरा शहर बंद रहा व छत पर काले झंडे लगाए गए।
दोनों केन्दीय मंत्री जिस सरकारी आयोजन में आए थे,वो कार्यक्रम किया।
बड़ी बात ये है कि राज्य के वित्त आयोग अध्यक्ष हिम्मत कोठारी मंच पर नहीं गए।
केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद गेहलोत को शुक्रवार को जिले के आलोट में जवाहर नवोदय स्कूल का भूमिपूजन करने आने के दौरान सपाक्स के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए। कई लोगों को पुलिस ने हिरासत मे लिया है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस सुबह से सतर्क थी। सपाक्स समाज ने एट्रोसिटी एक्ट के विरोध में केन्द्रीय मंत्रियों को काले झंडे दिखाने की चेतावनी दे रखी थी।
केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर सुबह 10. 30 बजे जिले के आलोट पहुचे व सुबह 11 बजे नए जवाहर विद्यालय को शुरू करने के कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। जावड़ेकर दोपहर 1 बजे आलोट से इंदौर के लिए प्रस्थान कर गए। वहीं, केन्द्रीय सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री थावरचंद गेहलोत प्रात: 11 बजे आलोट आकर नवोदय विद्यालय भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। गेहलोत 11. 30 बजे नवीन स्वीकृत नवोदय विद्यालय के शुभारम्भ में सम्मिलित होने जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में सपाक्स के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखा दिए।
शुक्रवार को होने वाले कार्यक्रम के दौरान आने वाले केंद्रीय मंत्रियों को सपाक्स संगठन द्वारा एट्रोसिटी एक्ट को लेकर नगर बंद करने का आव्हान किया गया था। इसके अलावा दुकानों पर काले झंडे लगाने की अपील की थी। सुबह से आलोट पूरी तरह से बंद रहा व लोग चाय नाश्ते को तरस गए।कलेक्टर रुचिका चौहान तथा पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी गुरुवार को आलोट एवं ताल पहुंच कर अधिकारियों से तमाम व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए दिशा निर्देशित किया था। कलेक्टर ने मंच व्यवस्था हितग्राहियों के लिए बैठक व्यवस्था तथा ट्रैफिक मैनेजमेंट के संबंध में जानकारी ली थी।
