खबर पक्की, 9 अक्टूबर, रतलाम। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर अजय कटेसरिया ने बजाना स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, वीरांगना रानी दुर्गावती कन्या आश्रम, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बजाना तथा ग्राम देवली के उप स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं, छात्रावास की व्यवस्थाओं, तकनीकी प्रशिक्षण तथा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बजाना के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया कक्षा छठवीं, सातवीं एवं आठवीं में पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई तथा छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों से भोजन व्यवस्था के संबंध में भी पूछा तथा निर्देश दिए कि छात्रावास की मेस व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखने के लिए कहा।
कलेक्टर ने कक्षा में संचालित शिक्षण गतिविधियों का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने गणित पढ़ा रही शिक्षिका से रेखाखंड, सम विभाजन आदि विषयों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में पढ़ाई की व्यवस्था का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों पर ध्यान दिया।
कन्या आश्रम में बच्चों के साथ टाटपट्टी पर बैठकर देखी पढ़ाई
वीरांगना रानी दुर्गावती कन्या आश्रम बजाना के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया बच्चों के बीच पहुंचे और उनके साथ टाटपट्टी पर बैठकर संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अंग्रेजी की पुस्तक पढ़वाई तथा एक-एक बच्चे से बातचीत कर उनकी पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने बच्चों की पुस्तकें भी देखीं और उनकी शैक्षणिक स्थिति को समझने का प्रयास किया। कलेक्टर ने बच्चों को दी जाने वाली पुस्तकों के वजन के संबंध में भी ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को अनावश्यक रूप से अधिक वजन की पुस्तकें नहीं दी जाएं, ताकि उन्हें पुस्तकों को लाने-ले जाने में असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों की लिखावट भी देखी। बच्चों की सुंदर लिखावट को देखकर उन्होंने सराहना की। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनकी लेखन क्षमता और शैक्षणिक विकास पर भी ध्यान दिया।
कन्या आश्रम में तत्काल डेस्क-बेंच लगाने के निर्देश
कन्या आश्रम में विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री कटेसरिया ने डेस्क-बेंच की आवश्यकता को देखते हुए महत्वपूर्ण निर्देश दिए। आश्रम में डेस्क-बेंच की व्यवस्था का प्रावधान नहीं होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने उपलब्ध शेष निधि से तत्काल डेस्क-बेंच की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश पीआईयू विभाग को दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे टाटपट्टी के स्थान पर डेस्क-बेंच पर बैठकर आसानी से अध्ययन कर सकें। इससे बच्चों को पढऩे-लिखने में सुविधा मिलेगी और उनके लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार हो सकेगा। कलेक्टर ने इस कार्य को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।
आईटीआई में तकनीकी प्रशिक्षण गतिविधियों का लिया जायजा
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बाजना का निरीक्षण कर वहां संचालित विभिन्न ट्रेड की जानकारी ली। उन्होंने मैकेनिकल डीजल, फिटर एवं इलेक्ट्रीशियन ट्रेड का अवलोकन किया। इस दौरान वे विद्यार्थियों के कक्षों में पहुंचे तथा प्रायोगिक प्रशिक्षण कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर प्रशिक्षण संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा संस्थान में संचालित तकनीकी एवं प्रायोगिक गतिविधियों को देखा।
उप स्वास्थ्य केंद्र देवली में दवाइयों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जांच की
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने ग्राम देवली स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध दवाइयों, स्टॉक रूम तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही चिकित्सक एवं नर्स सहित स्वास्थ्य अमले की उपस्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की पड़ताल की गई। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत की सुश्री वैशाली जैन, सैलाना एसडीएम श्री सुनील जायसवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर बच्चों के साथ टाटपट्टी पर बैठे, अंग्रेजी की पुस्तक पढ़वाकर देखी शैक्षणिक स्थिति, कन्या आश्रम में तत्काल डेस्क-बेंच की व्यवस्था करने के दिए निर्देश, एकलव्य विद्यालय, आईटीआई एवं उप स्वास्थ्य केंद्र का भी किया निरीक्षण
