• Wed. Oct 7th, 2026

रिवर्स लेते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आया बाइक सवार, 21 वर्षीय युवक की मौत

BySurendra Jain

Oct 7, 2026

खबर पक्की, 7 अक्टूबर, रतलाम। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र की सालाखेड़ी चौकी अंतर्गत बजरंग नगर में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सकरी गली में रिवर्स लेते समय रेती से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार युवक और उसकी नानी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक के सीने में ट्रॉली का हिस्सा जा घुसा। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में उसकी नानी भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शेरानीपुर निवासी मुरेन खान (21) अपनी नानी खुर्शीद बी को बाइक पर बैठाकर बजरंग नगर स्थित एक परिचित के घर जा रहा था। इसी दौरान बजरंग नगर की सकरी गली में रेती से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसी हुई थी। चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे की ओर रिवर्स ले रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आ रहे मुरेन और उसकी नानी ट्रॉली की चपेट में आ गए।
हादसा इतना गंभीर था कि ट्रॉली का हिस्सा मुरेन के सीने में जा घुसा। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों और परिजनों ने दोनों घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मुरेन खान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसकी नानी खुर्शीद बी का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर सालाखेड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने रेती से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया है। चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

You missed

error: Content is protected !!