खबर पक्की, 7 सितंबर, रतलाम। थाना सरवन पुलिस ने गांव बोरदा में हुई अंधी हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 72 घंटे के भीतर वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को गांव बोरदा में भीमा नामक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 323/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वारदात के बाद से मृतक की पत्नी ललिता फरार थी, जिसे पुलिस ने दो दिनों की तलाश के बाद गांव गुड़भैली के एक खेत से हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी पत्नी ललिता ने खुलासा किया कि उसके और राकेश के बीच प्रेम संबंध थे। करीब एक महीने पहले पति भीमा को इस बात की भनक लग गई थी। पकड़े जाने के डर से दोनों ने रक्षाबंधन से पहले ही भीमा की हत्या की योजना बना ली थी।
कुल्हाड़ी से हमला कर नाले में फेंका शव
वारदात वाली रात जब भीमा घर में सो रहा था, तब पत्नी ललिता ने कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया। इस दौरान प्रेमी राकेश ने भीमा के पैर जकड़ रखे थे, जबकि तीसरा आरोपी भूरा बाहर निगरानी कर रहा था। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बकरी बांधने वाले कमरे में छुपा दिया और साक्ष्य मिटाने के लिए फर्श पर फैले खून को गोबर से लीप दिया। रात करीब 11 बजे आरोपियों ने शव को घर से निकालकर पास के नाले में फेंक दिया।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, एएसपी राकेश पेंड्रो, एएसपी विवेक कुमार लाल और एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक के चांदी के कड़े, सोने की बाली, पैर की कडिय़ां, एयरटेल सिम, वारदात के समय पहने कपड़े और आरोपियों के एंड्रॉइड मोबाइल सहित कुल 2 लाख रुपये का मश्रूका जब्त किया है।
इस पूरे अंधी हत्या के खुलासे में थाना प्रभारी रावटी उपुअ. सुरेंद्र सिंह गाडरियां, निरीक्षक अर्जुन सेमलिया, उप निरीक्षक जगदीश तोमर, गेंदालाल भूरिया और साइबर टीम की सराहनीय भूमिका रही।
