• Wed. Sep 2nd, 2026

रतलाम में फिर चोरों की दस्तक : लेनॉर्ड सिटी में दीवार फांदकर घुसे 3 बदमाश, जागे रहवासियों ने मचाया शोर तो पत्थर बरसाकर भागेज्पुलिस ने घेराबंदी कर एक बदमाश को दबोचा

BySurendra Jain

Sep 2, 2026

खबर पक्की, 2 सितंबर, रतलाम। रतलाम शहर में चोरों ने फिर से उपस्थिति दर्ज कराई। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात जावरा रोड स्थित लेनॉर्ड सिटी कॉलोनी में तीन बदमाश गेट पर सुरक्षा गार्ड होने के बावजूद दीवार फांदकर अंदर घुस गए। रात करीब 1.42 बजे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए बदमाश कॉलोनी में घूमते रहे। इसी दौरान एक रहवासी की नजर उन पर पड़ गई। शोर मचाने पर बदमाशों ने डराने के लिए घर पर पत्थर बरसाए और भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रहवासियों की मदद से घेराबंदी कर एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना के अनुसार लेनॉर्ड सिटी निवासी एक युवक रात में अपने घर की गैलरी में पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान उसे बाहर कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दी। बाहर देखा तो कॉलोनी में तीन संदिग्ध युवक घूमते नजर आए।
युवक ने बदमाशों को देखकर जोर से आवाज लगाई। अचानक शोर सुनकर बदमाश घबरा गए। बताया जा रहा है कि भागते समय बदमाशों ने युवक के घर की ओर पत्थर फेंके, ताकि रहवासी डर जाएं और उनका पीछा न कर सकें।
112 पर सूचना, पुलिस ने कॉलोनी में शुरू की सर्चिंग
युवक ने तत्काल 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। गश्त पर मौजूद स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आईए पुलिस भी मौके पर पहुंची। बदमाशों की तलाश में सर्चिंग शुरू की।
सर्चिंग के दौरान पुलिस को पता चला कि तीनों बदमाश कॉलोनी के दूसरे हिस्से की ओर गए हैं। पुलिस और रहवासी उस दिशा में पहुंचे तो बदमाश दिखाई दे गए। पुलिस ने उन्हें पकडऩे के लिए घेराबंदी की, लेकिन दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
भागते-भागते एक बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ा
पुलिस और रहवासियों की घेराबंदी में एक बदमाश पकड़ा गया। उसे रात में ही थाने ले जाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पकड़ा गया आरोपी झाबुआ क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर उसके फरार साथियों और शहर में उनकी संभावित गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
रहवासियों का दावा-बदमाशों के पास थे हथियार!
घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है। रहवासियों के अनुसार तीनों बदमाशों के पास हथियार भी थे। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस पूछताछ के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। लेनॉर्ड सिटी के रहवासियों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। इस घटना में पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

You missed

error: Content is protected !!