खबर पक्की, 2 सितंबर, रतलाम। जिले के सरवन थाना क्षेत्र के ग्राम बोरदा में 32 साल के युवक का शव बुधवार दोपहर में मिला है। प्राथमिक जांच में युवक की हत्या होना सामने आया है। युवक का शव गांव के समीप रिगड़ वाले नाले में औंधे मुहं पड़ा मिला। दोनों पैर रस्सी से बंधे हुए थे। सिर, गर्दन, और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। युवक की पत्नी भी घर से गायब है।
मृतक की पहचान भीमा पिता मनोहर चरपोटा निवासी बोरदा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में कुल्हाड़ी से वार किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
1 सितंबर से था लापता
1 सितंबर को मृतक के चाचा भीमसिंह ने मृतक की पत्नी ललिता चरपोटा से भीमा के बारे में पूछा था। ललिता ने बताया कि भीमा दानपुर गया है। रात करीब 9 बजे दोबारा उससे पूछा गया तो कहा कि अभी वापस नहीं आया है। इसके बाद 2 सितंबर बुधवार दोपहर गांव के सबजी मईडा ने परिजनों को सूचना दी कि भीमा रिगड़ वाले नाले के पास मृत अवस्था में पड़ा है। युवक का शव अपने घर से 50 मीटर दूर मक्के के खेत के पास बने नाले में मिला है।
मृतक अपने पीछे दो बच्चे छोड़ गया। बड़ी बेटी (15) व बेटा (10) साल का है। मृतक मजदूरी व खेती करता था।
जानवरों ने हाथ खाया
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी। भीमा का शव औंधे मुहं पड़ा मिला। शरीर पर चोट के निशान पाए गए। मृतक का बायां हाथ भी कटा मिला। आशंका है कि मौत के बाद जानवरों ने उसके हाथ को खाया है। दोनों पैर रस्सी से बंधे थे। आशंका है कि हत्या के बाद शव को नाले में फेंका गया।
घर के अंदर मिले खून के निशान
दोपहर में पुलिस ने आसपास सर्चिंग के बाद पंचनामा बनाकर शव को पीएम के लिए बेजा। पुलिस ने मृतक के घर जाकर छानबीन की तो घर के अंदर अलग-अलग स्थानों पर खून के धब्बे मिले हैं।
कुछ स्थानों पर बाद में लीपा भी गया है। घर में रखे पलंग पर भी खून के निशान पाए गए। साथ में घर में रखी एक कुल्हाड़ी भी खून लगी मिली। जिसे पुलिस ने जप्ती में ले लिया है।
रतलाम से पहुंची जांच टीम
रतलाम से एएसपी राकेश पंद्रो, एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल, सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया, एसआई जगदीश सिंह तोमर, एसआई जीएल भूरिया समेत अन्य ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
24 घंटे पूर्व मारा
एफएसएल की प्राथमिक जांच में युवक की हत्या 24 घंटे पहले होना सामने आया है। मृतक के सिर और गर्दन के आसपास धारदार हथियार से वार के निशान मिले है। पुलिस टीम जांच में जुटी है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही हत्या का कारण व किस हथियार से मारा है स्पष्ट हो पाएगा।
पत्नी घर से गायब
मृतक की पत्नी ललिता को मंगलवार सुबह तक परिजनों के साथ पति को तलाशने में लगी थी। लेकिन फिर बाद में अचानक गायब हो गई। पुलिस का शक पत्नी पर जा रहा है। पुलिस पत्नी की तलाश में जुटी है। उसके मिलने के बाद ही घटनाक्रम से जुड़े तथ्य सामने आ सकते है।
एएसपी राकेश पंद्रों ने बताया बुधवार सुबह तक पत्नी परिजनों के साथ पति को तलाशने में लगी थी। फिर गायब हो गई। सभी कारणों को ध्यान में रख जांच कर पत्नी की तलाश की जा रही है।
नाले में मिला युवक का शव, पत्नी घर से गायब : रतलाम में दोनों पैर रस्सी से बंधे मिले; घर में मिले खून के निशान
