• Mon. Oct 19th, 2026

रतलाम जिले में कबाडख़ानों की चेकिंग, पुलिस ने दी सख्त हिदायत, चोरी का सामान खरीदने-बेचने वालों पर रहेगी नजर, सीसीटीवी और रजिस्टर संधारण के निर्देश

BySurendra Jain

Sep 2, 2026

खबर पक्की, 2 सितंबर, रतलाम। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस द्वारा बुधवार को जिलेभर में कबाडख़ानों और कबाड़ गोदामों की चेकिंग का अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कबाडख़ानों की जांच की।
अति पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान कबाड़ व्यवसायियों को आवश्यक समझाइश दी गई। पुलिस ने निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध अथवा चोरी के सामान की खरीद-बिक्री नहीं की जाए।
कबाड़ व्यवसायियों को सामान बेचने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नाम, पता सहित पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कबाडख़ानों में ऐसे स्थान पर सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया, जहां सामान खरीदने-बेचने आने वाला व्यक्ति स्पष्ट रूप से कैमरे में दिखाई दे।
पुलिस ने यह भी हिदायत दी कि किसी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा सामान बेचने आने पर तत्काल संबंधित थाने को सूचना दी जाए। इसके अलावा पर्यावरण प्रदूषण संबंधी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया कि कबाडख़ानों की आकस्मिक चेकिंग आगे भी जारी रहेगी। चोरी का सामान खरीदते या बेचते पाए जाने पर संबंधित कबाड़ व्यवसायी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

You missed

error: Content is protected !!