खबर पक्की, 19 अगस्त, रतलाम। रतलाम में इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की एक और घटना सामने आई है। कनेरी रोड स्थित आम्रपाली विंध्यवासिनी कॉलोनी में बुधवार तड़के घर के अंदर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई। हादसे में घर में सो रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और उनकी दो बेटियां झुलस गईं। आग से मकान में रखा घरेलू सामान भी जलकर खाक हो गया।
घटना रात करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बिंदुकुंवर अपनी दो बेटियों अंतिमकुंवर और विजयलक्ष्मी के साथ घर में सो रही थीं। घर के आगे के हिस्से में करीब 10 दिन पहले खरीदी गई इलेक्ट्रिक स्कूटी खड़ी थी। अचानक स्कूटी में तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने घर को अपनी चपेट में ले लिया।
धमाके और आग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह घर में फंसी मां और दोनों बेटियों को बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। सूचना मिलने पर नगर निगम की फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्राथमिक उपचार के बाद झुलसे तीनों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। परिजन वीरेंद्र सिंह के मुताबिक इलेक्ट्रिक स्कूटी करीब 10 दिन पहले ही खरीदी गई थी। हादसे में घर का अधिकांश सामान जल गया, जिससे परिवार को काफी नुकसान हुआ है।
घायल बिंदुकुंवर ग्राम गुनावद में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्कूटी में धमाका किस वजह से हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।
