• Tue. Jul 28th, 2026

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का प्राथमिकता के साथ संतुष्टिपूर्वक करें निराकरण : कलेक्टर श्रीमती सिंह, विजन डॉक्यूमेंट एक सप्ताह में करें तैयार

BySurendra Jain

Jul 13, 2026

खबर पक्की, 13 जुलाई, रतलाम। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर सभागार में साप्ताहिक अंतर-विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सामाजिक न्याय विभाग को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का तथ्यों के आधार पर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत किया जाए। आवश्यक बजट की समय पर मांग भेजकर पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाते हुए शिकायतों का शीघ्र निराकरण किया जाए। स्वास्थ्य विभाग को रोगी कल्याण समिति के माध्यम से किए जा सकने वाले भुगतान तत्काल कर शिकायतों का निराकरण करने तथा मेडिकल कॉलेज से संबंधित प्रसूति सहायता नहीं मिलने की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन विभागों में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें अधिक समय से लंबित हैं, उन्हें विशेष अभियान चलाकर शीघ्र निराकरण करने के लिए कहा गया।
बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों को जिले का विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ एक सप्ताह के भीतर पूर्ण किया जाए। नगर निगम को जिले में चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही तेज करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, नगर निगम आयुक्त श्री अनिल भाना सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!