खबर पक्की, 17 जून, रतलाम। जिले के सैलाना में मंगलवार रात करीब 12 बजे गाय के कटे अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में बजरंगदल विश्वहिंदू परिषद के कार्यकर्ता पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। गाय का सिर समेत शरीर के अलग-अलग कटे हुए अवशेष आसपास मिले है।
गाय के कटे अवशेष सैलाना में रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग स्थित चरण पेट्रोल पंप के पास नर्सिंग कॉलेज से आगे रोड किनारे पथरीली जगह पर मिले है। रात में गाय के कटे अवशेष के वीडियो भी सामने आए है। जिसमें गाय का सिर व पूरे शरीर के साथ मांस के टुकड़े अलग-अलग बिखेर हुए है। पुलिस रात में घटनाक्रम की जांच में जुट गई। बजरंगदल विश्वहिंदू परिषद के कार्यकर्ता देर रात तक डटे रहे। पुलिस से जांच की मांग कर गाय काटने वाले आरोपियों को पकडऩे की मांग करते रहे।
सूचना पर रात में सैलाना एसडीएम तरुण जैन, तहसीलदार कुलभुषण शर्मा, एसडीओपी नीलम बघेल, थाना प्रभारी पिंकी आकाश व अन्य पहुंचे। देर रात तक पुलिस जांच में जुटी थी और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
गाय काटने वालों को पकडऩे की मांग को लेकर बजरंग दल विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए। सुबह 5 बजे तक सड़क पर बैठ कर धरना दिया। रात में पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। दो दिन में आरोपियों को पकडऩे का अल्टीमेटम देकर धरना समाप्त किया।
सैलाना में मिला गाय का कटा सिर और अवशेष : आधी रात पहुंचे हिंदू संगठन के कार्यकर्ता, आरोपियों को पकडऩे की रखी मांग
