• Thu. Jul 30th, 2026

राज्यसभा चुनाव में नामांकन निरस्त करने पर पर रतलाम में एनएसयूआई का उग्र प्रदर्शन, पुतला दहन किया, पुलिस ने बैरिकेट्स लगाकर रोका,हुई धक्का-मुक्की

BySurendra Jain

Jun 16, 2026

खबर पक्की, 16 जून, रतलाम। राज्यसभा चुनाव निरस्त किए जाने के विरोध में मंगलवार को रतलाम में कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई ने जोरदार प्रदर्शन किया। डालूमोदी बाजार चौराहे पर चुनाव आयोग का पुतला दहन किया गया, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। भाजपा जिला कार्यालय की ओर बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रोका, जिससे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत एनएसयूआई कार्यकर्ता डालूमोदी बाजार चौराहे पर एकत्रित हुए। यहां चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया गया। जैसे ही पुतले में आग लगाई गई, मौके पर तैनात नगर निगम की फायर ब्रिगेड ने पानी का छिड़काव कर आग बुझा दी। इससे पुतला पूरी तरह नहीं जल सका और मौके पर मौजूद कई कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता तथा पुलिसकर्मी भी भीग गए।
पुतला दहन के बाद आक्रोशित कार्यकर्ता भाजपा जिला कार्यालय की ओर बढऩे लगे। प्रदर्शनकारियों के तेवर देखते हुए भाजपा कार्यालय जाने वाले मार्ग पर बैरिकेड्स लगाए गए और भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
भाजपा कार्यालय तक पहुंचने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और हालात धक्का-मुक्की तक पहुंच गए। मौके पर नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान तथा स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रदर्शनकारियों द्वारा भाजपा कार्यालय के घेराव की सूचना मिलते ही भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में जिला कार्यालय पहुंच गए। हालांकि पुलिस की सख्ती और बैरिकेडिंग के कारण प्रदर्शनकारी कार्यालय तक नहीं पहुंच सके।करीब आधे घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान चौराहे पर यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने स्थिति सामान्य कर यातायात सुचारू कराया।

error: Content is protected !!