खबर पक्की, 6 जून, रतलाम। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं एसपी अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में सड़क सुरक्षा एवं जनजागरूकता अभियान के तहत थाना बिलपांक क्षेत्र की पुलिस चौकी धराड़ परिसर में सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन उप पुलिस अधीक्षक यातायात रतलाम श्री आनंद स्वरूप सोनी द्वारा किया गया। इसमें क्षेत्र के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, वाहन चालकों तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का दिया संदेश
इस अवसर पर डीएसपी यातायात श्री आनंद स्वरूप सोनी ने उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन संचालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में कमी लाने के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक, जिम्मेदार और नियमों का पालन करने वाला होना आवश्यक है।
सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया
कार्यक्रम के दौरान सीपीआर प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें नागरिकों एवं पुलिस कर्मियों को हृदयाघात, सड़क दुर्घटना अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में घायल व्यक्ति को प्राथमिक जीवन रक्षक सहायता प्रदान करने की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि समय पर दी गई सीपीआर तकनीक कई मामलों में पीडि़त की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
जनहितकारी योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता के लिए संचालित प्रधानमंत्री राहत कैशलेस उपचार योजना, राहवीर योजना एवं अन्य जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही नागरिकों से दुर्घटना पीडि़तों की मदद के लिए आगे आने और मानवता का परिचय देने का आह्वान किया गया।
सुरक्षित समाज निर्माण में जनभागीदारी पर जोर
अधिकारियों ने कहा कि रतलाम पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा, जनजागरूकता एवं दुर्घटना पीडि़त सहायता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य आमजन को जागरूक एवं प्रशिक्षित कर सुरक्षित, संवेदनशील और जिम्मेदार समाज के निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में चौकी प्रभारी धराड़ उप निरीक्षक दीपक डामोर, चौकी धराड़ स्टाफ, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
धराड़ चौकी में सीपीआर प्रशिक्षण एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपातकालीन सहायता के प्रति नागरिकों को किया जागरूक
