खबर पक्की, 5 जून, रतलाम। पंचेड़-नामली मार्ग स्थित तुलसी वाटर पार्क में संचालित अवैध स्पा सेंटर पर शुक्रवार शाम पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मौके से तीन संदिग्ध युवतियां और कुछ युवक मिले हैं। पुलिस सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
एसपी अमित कुमार को सूचना मिली थी कि वाटर पार्क में स्वीमिंग पूल की आड़ में अवैध रूप से स्पा सेंटर संचालित किया जा रहा है। सूचना के बाद शुक्रवार दोपहर विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम दोपहर करीब तीन बजे वाटर पार्क पहुंची। कुछ पुलिसकर्मियों को ग्राहक बनाकर अंदर भेजा गया, जबकि अन्य अधिकारी बाहर से गतिविधियों पर नजर रखते रहे।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद एएसपी विवेक कुमार लाल के नेतृत्व में एसडीओपी किशोर पाटनवाला और महिला अधिकारियों की टीम ने स्पा सेंटर पर दबिश दी।
पुलिस के अनुसार, स्वीमिंग पूल परिसर के पीछे छह कमरों में चोरी-छिपे स्पा सेंटर संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान तीन अलग-अलग कमरों में थाईलैंड की तीन युवतियां अलग-अलग युवकों के साथ मिलीं।
पुलिस ने युवतियों और युवकों को हिरासत में लेकर नामली थाने भेज दिया है। इसके अलावा वाटर पार्क के मैनेजर दिलीप ठाकुर को भी पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि लंबे समय से इस संबंध में शिकायतें मिल रही थीं। सूचना की पुष्टि के बाद टीम गठित कर कार्रवाई की गई। फिलहाल संदिग्ध युवक-युवतियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
टीम में सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल, डीएसपी अनीशा जैन, महिला थाना प्रभारी रेखा चौधरी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया। कार्रवाई की गोपनीयता बनाए रखने के लिए संबंधित थाना क्षेत्र नामली पुलिस को भी पहले से सूचना नहीं दी गई थी।
स्पा में ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस, थाईलैंड की युवतियां मिलीं:रतलाम के वाटर पार्क में चल रहा था अवैध काम, 6 कमरों का सेंटर दिखा
