• Fri. Aug 14th, 2026

घनी बस्ती में शराब दुकान खोलने का विरोध : आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने किया चक्का जाम

BySurendra Jain

Apr 11, 2026

खबर पक्की, 11 अप्रैल, रतलाम। शहर के व्यस्त और रिहायशी इलाके शहीद चौक के समीप आबकारी रोड लोहा बिल्डिंग के पास नई शराब दुकान खोलने के प्रस्ताव ने तूल पकड़ लिया है। इस फैसले के विरोध में स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
क्षेत्रवासियों को विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली है कि लोहा बिल्डिंग के पास जल्द ही एक शराब दुकान शुरू होने वाली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र न केवल घनी आबादी वाला है, बल्कि यहां इंडिया गेट जैसे महत्वपूर्ण स्थल स्थित हैं, जहाँ निरंतर सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक गतिविधियां संचालित होती रहती हैं।
निवासियों का कहना है कि शराब दुकान खुलने से क्षेत्र का शांतिपूर्ण माहौल खराब होगा और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ेगा। यह मार्ग शहर के मुख्य रास्तों में से एक है और यहाँ यातायात का भारी दबाव रहता है। दुकान खुलने से दुर्घटनाओं की आशंका काफी बढ़ जाएगी। ?क्षेत्र के नागरिकों ने बताया कि मोहल्ले के लोग धार्मिक प्रवृत्ति के हैं और यहाँ दुकान खोलना उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ होगा।
कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, दी गांधीवादी आंदोलन की चेतावनी
क्षेत्रवासियों ने शेख इरफान उद्दीन के नेतृत्व में कलेक्टर के नाम एक औपचारिक आवेदन प्रस्तुत किया है। इसकी प्रतियां मुख्यमंत्री, पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी माणक चौक को भी भेजी गई हैं। निवासियों का कहना है कि अगर प्रशासन ने इस जनविरोधी निर्णय को वापस नहीं लिया और दुकान खोलने की प्रक्रिया नहीं रोकी, तो हम गांधीवादी तरीके से उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। चक्का जाम के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन क्षेत्रवासी दुकान का प्रस्ताव पूरी तरह निरस्त होने तक पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।

You missed

error: Content is protected !!