• Fri. Aug 14th, 2026

शादी से इनकार पर सोशल मीडिया पर डाले फोटो, नागदा के युवक ने रतलाम की युवती को दी जान से मारने की धमकी, प्रकरण दर्ज

BySurendra Jain

Apr 11, 2026

खबर पक्की, 11 अप्रैल, रतलाम। औद्योगिक क्षेत्र थाना इलाके की रहने वाली एक युवती के शादी से इनकार करने पर नागदा (उज्जैन) के एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर उसके फोटो वायरल करने का मामला सामने आया है।
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद युवक ने 15 फरवरी को शादी का प्रस्ताव रखा था, जिसे ठुकराने पर उसने युवती को जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौज कर फोटो वायरल कर दिए। वर्तमान में युवती की शिकायत पर औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने 10 अप्रैल की रात आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, दिसंबर 2025 से चल रही थी बातचीत
औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस के अनुसार, पीडि़ता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से ग्राम रूपेटा (थाना नागदा, जिला उज्जैन) निवासी पुष्पेन्द्र पिता शांतिलाल धमान से हुई थी। दोनों के बीच दिसंबर 2025 से मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई थी, जिसके कारण दोनों में दोस्ती हो गई थी।
15 फरवरी को किया था प्रपोज, मना करने पर दी धमकी
युवती ने पुलिस को बताया कि 15 फरवरी को पुष्पेन्द्र ने उसे शादी करने के लिए प्रपोज किया था। जब युवती ने शादी से मना कर दिया, तो पुष्पेन्द्र ने उसके मोबाइल पर कॉल कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने धमकी दी थी कि वह उसके फोटो वायरल कर देगा और बाद में उसने वास्तव में युवती के फोटो वायरल कर दिए।
परिजनों को बताई बात, धारा 351(2) और 351(4) के तहत केस दर्ज
फोटो वायरल होने का पता चलने पर युवती ने पूरा घटनाक्रम घर में अपने परिजनों को बताया। इसके बाद वह 10 अप्रैल की रात औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी युवक पुष्पेंद्र धमान के खिलाफ धारा 351(2) व 351(4) के तहत केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

You missed

error: Content is protected !!