• Fri. Aug 14th, 2026

विधायक कमलेश्वर डोडियार के प्रयासों को मिली सफलता, सैलाना विधानसभा क्षेत्र में 09 हाई स्कूल व 60 आंगनबाड़ी भवनों का होगा निर्माण, चार छात्रावासों की बाउंड्रीवाल बनाने को भी मिली स्वीकृति, 43.45 करोड़ की लागत से होंगे निर्माण कार्य

BySurendra Jain

Apr 11, 2026

खबर पक्की, 11 अप्रैल, रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के सैलाना-बाजना क्षेत्र में शासन ने सैलाना विधानसभा क्षेत्र में 09 हाई स्कूल और 60 आंगनबाड़ी भवन व चार छात्रावासों की बाउंड्रीवाल के निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान की है। इन निर्माण व विकास कार्यों पर करीब 43.45 करोड़ रुपए की लागत आएगी। विधायक कमलेश्वर डोडियार का कहना है कि यह सैलाना-बाजना क्षेत्रीय विकास को लेकर उनके द्वारा किए जा रहे लगातार और प्रभावी प्रयासों का यह बड़ा परिणाम सामने आया है। उनके द्वारा सैलाना क्षेत्र के विकास के लिए विधानसभा में पिछले ढाई वर्षों से उठाए जा रहे मुद्दों और तारांकित प्रश्नों के चलते शासन ने सैलाना-बाजना क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की सौगात मंजूर की है।
जानकारी के अनुसार सैलाना व बाजना क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 35 करोड़ रुपए की लागत से 09 नए हाई स्कूल स्वीकृत किए गए हैं। इनमें हाई स्कूल भामट, मकोडिय़ारुंडी (सैलाना), भग्गा सेलोत, बरखेड़ा, कुंडियापाड़ा, तंबोलिया (रावटी), बजरंगगढ़, गढ़ी गमना, ठीकरिया (बाजना) शामिल हैं। इन स्कूलों के निर्माण से बड़ी संख्या में ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को सीधे लाभ मिलेगा। वहीं 06 करोड़ 73 लाख रुपए की लागत से 60 नए आंगनवाड़ी भवनों को भी मंजूरी मिली है। इनमें 20 भवन बाजना जनपद और 40 भवन सैलाना जनपद क्षेत्र में बनाए जाएंगे। इससे महिलाओं और बच्चों के पोषण व प्रारंभिक शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी। इसके अलावा, क्षेत्र के चार छात्रावास भवनों की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 01 करोड़ 72 लाख रुपए की राशि भी स्वीकृत हुई है, जिससे छात्रावास परिसरों में सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा। इस प्रकार करीब 43 करोड़ 45 लाख रुपए की लागत से उक्त निर्माण व विकास कार्यों का निर्माण होगा। शिक्षा के क्षेत्र में सैलाना-बाजना क्षेत्र के विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
ढाई वर्ष से विधानसभा में उठा रहे थे आवाज
विधायक डोडियार ने स्पष्ट किया कि इन सभी कार्यों के लिए वे पिछले ढाई वर्षों से लगातार विधानसभा में आवाज उठा रहे थे। उन्होंने बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान जर्जर स्कूल भवनों, आंगनवाड़ी केंद्रों और छात्रावासों की स्थिति को लेकर तारांकित प्रश्न लगाए और संबंधित मंत्री से सीधे जवाब भी मांगे थे। उनके इसी निरंतर प्रयास का परिणाम आज क्षेत्र को मिला है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों का श्रेय अन्य जनप्रतिनिधियों को देने की कोशिश की गई, जो पूरी तरह भ्रामक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह स्वीकृतियां उनके निरंतर संघर्ष और विधानसभा में उठाए गए मुद्दों का प्रतिफल हैं। क्षेत्रवासियों ने इस बड़ी सौगात के लिए विधायक डोडियार के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे शिक्षा और विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया है।

You missed

error: Content is protected !!