• Sat. Aug 15th, 2026

रिटायर्ड शिक्षिका के हत्यारे का एनकाउंटर, टीआई घायल, पिस्टल छीनकर भाग रहा था, पैर में मारी गोली; लूट के इरादे से किया था मर्डर

BySurendra Jain

Nov 26, 2025

खबर पक्की, 26 नवंबर, रतलाम। रतलाम के मीरा कुटी लक्ष्मणपुरा क्षेत्र में रिटायर्ड शिक्षिका हत्याकांड के आरोपी को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में पकड़ लिया है। पुलिस ने मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 12.30 बजे सरला धनेटवाल (70) की हत्या करने वाले आरोपी सागर मीणा (38) का पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया।
पुलिस टीम उसे झाबुआ बॉर्डर से पकड़कर ला रही थी, तभी रावटी और रानी सिंह के बीच उसने टीआई की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके बाएं पैर में गोली मारी। इस झड़प में डीडी नगर टीआई भी घायल हुए हैं।
आरोपी सागर नागदा (उज्जैन) का रहने वाला है। रात करीब 12.30 बजे उसने टॉयलेट का बहाना बनाया। पुलिस ने गाड़ी रोकी। वह उतरा और डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव को धक्का देकर उनकी पिस्टल छीनने की कोशिश की।
जब टीआई यादव ने उसे पकडऩे की कोशिश की, तो आरोपी ने पिस्टल तान दी और भागने लगा। बचाव में इंडस्ट्रियल एरिया टीआई सत्येंद्र रघुवंशी ने आरोपी के पैर में गोली मार दी।
घायल आरोपी और टीआई अनुराग यादव (घुटने में चोट आई है) को रात करीब डेढ़ बजे पुलिसकर्मी रतलाम मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने आरोपी के पैर से गोली निकाल दी है।
नौकरानी और उसकी बेटी ने रची थी साजिश
एसपी अमित कुमार ने बताया कि हत्या की साजिश शिक्षिका की नौकरानी लीला डामोर और उसकी बेटी मोना ने रची थी। मोना आरोपी सागर मीणा की करीबी दोस्त है। इन दोनों ने ही सागर को बताया था कि टीचर घर में अकेली रहती हैं। उनके घर में बहुत सारे गहने और रुपए हैं।
सख्ती से पूछताछ में मां-बेटी ने उगला सच
पुलिस को पहले दिन से ही नौकरानी लीला पर शक था। क्योंकि वह घटना के एक दिन पहले काम पर नहीं गई थी, लेकिन हत्या वाले दिन घर पहुंच गई थी। पुलिस ने लीला और मोना को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो वे टूट गईं और सागर मीणा का नाम बता दिया। इसके बाद एसआईटी ने सागर को ट्रेस किया।
4 दिन से कर रहा था रेकी, छत के रास्ते घुसा
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी 4 दिन से घर में घुसने की कोशिश कर रहा था। सोमवार सुबह वह घर के बाहर बनी पेढ़ी और बिजली मीटर पर पैर रखकर छत पर पहुंचा। घर के पिछले हिस्से की सीढिय़ों पर घात लगाकर बैठ गया। जैसे ही शिक्षिका किचन का दरवाजा खोलकर बाथरूम की तरफ गईं, उसने पीछे से हमला कर चाकू से उनका गला रेत दिया।
ट्रेन में फेरी लगाता है, मोबाइल नहीं रखता
आरोपी सागर ट्रेनों में फेरी लगाकर सामान बेचने और बैग रिपेयरिंग का काम करता है। उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। उसका कोई पक्का घर नहीं है। वह जहां जगह मिलती है, सो जाता है। पुलिस से बचने के लिए वह मोबाइल का भी इस्तेमाल नहीं करता है। उस पर चोरी के कई केस पहले से दर्ज हैं।
सोमवार को घर के बाथरूम में मिला था शव
बता दें, सोमवार (24 नवंबर) सुबह रिटायर्ड शिक्षिका सरला धनेटवाल का शव उनके घर के बाथरूम में मिला था। उन्हें एक शादी में शामिल होने उज्जैन जाना था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी उमेश जोगा ने भी घटनास्थल का दौरा किया था और एसपी ने 10 हजार का इनाम घोषित किया था।

You missed

error: Content is protected !!