खबर पक्की, 22 नवंबर, रतलाम। रतलाम से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। यहां चलते ट्राले में पीछे से एक तेज रफ्तार कार जा घुसी। हादसे में कार में सवार पति-पत्नी और दो बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। यह परिवार गुजरात के सूरत से नोएडा एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था।
हादसा रतलाम जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र में सुबह करीब 9 बजे हुआ। काजलिया पाड़ा स्थित जामण नदी के पास आगे चल रहे एक ट्राले में पीछे से आ रही अर्टिगा कार (जीजे 05 आरक्यू 142) घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का आगे का पूरा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। एयर बैग की वजह से कार सवारों की जान बच गई। सामने आई तस्वीर में एयर बैग पर भी खून के निशान देखे जा सकते हैं।
सूरत के सिल्क कपड़ा व्यापारी हैं घायल
कार में सूरत (गुजरात) के सिल्क कपड़ा व्यापारी अपने परिवार के साथ सवार थे। घायलों की पहचान साहिल कुमार (38) पिता संजय कुमार साध, उनकी पत्नी स्वेनका (35), बेटा शनय (15) और छोटा बेटा श्यान (4) के रूप में हुई है।
पुलिस और एनएचएआई ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचएआई (एनएचएआई ) की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। टीम ने कार से घायलों को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।
शिवगढ़ थाना प्रभारी अनिशा जैन ने बताया कि घटनास्थल का सीसीटीवी से पता किया जा रहा है, घटना कैसे हुई है। ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर हादसा : चलते ट्राले में घुसी कार, सूरत के कपड़ा व्यापारी समेत परिवार के 4 लोग घायल
