• Sat. Aug 15th, 2026

सड़कों पर नहीं लगेगी सब्जी मंडी:रतलाम महापौर ने सब्जी विक्रेताओं से कहा- आप सहयोग करो, व्यापारियों ने विरोध में सड़क पर फेके कपड़े और सामान

BySurendra Jain

Nov 18, 2025

खबर पक्की, 18 नवंबर, रतलाम। नगर निगम द्वारा शहर में सड़क किनारे सब्जी व फल फ्रूट की ठेला गाड़ी हटाने के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दूसरे दिन मंगलवार को भी चली। कुछ स्थानों पर लोगों ने विरोध भी किया। सब्जी व फल फ्रूट विक्रेता नगर निगम पहुंच गए। महापौर प्रहलाद पटेल से मिले।
महापौर ने सभी को स्पष्ट कर दिया कि सड़क किनारे ना तो सब्जी बेची जाएगी और नहीं फल फ्रूट की ठेला गाडिय़ां रहेगी। उचित स्थानों पर जगह दी जा रही है वहीं पर सब्जी मार्केट लगेगा। शहर में जितना भी अतिक्रमण है वह भी हटेगा। बाजारों में घर के आगे खड़ी कार भी सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक खड़ी नहीं रहने दी जाएगी। जिसकी पार्किंग होगी उसकी गाडिय़ां खड़ी रहेगी।
महापौर ने सब्जी और फल विक्रेताओं से बात की
महापौर ने सब्जी व फल फ्रूट विक्रेताओं को कहा कि शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने में सहयोग करे। हम भी आपका पूरी तरह से सहयोग करेंगे। इसके पहले नगर निगम टीम ने चांदनी चौक, घास बाजार, माणकचौक, नौलाईपुरा, त्रिपोलिया गेट क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर सब्जी विक्रेताओं को भी हटाया।
विक्रेता बोले पहले व्यवस्था करे
शहर के चांदनीचौक, नीम चौक, लौहार रोड, घास बाजार, बाजना बस स्टैंड समेत अन्य क्षेत्रों में सड़क किनारे सब्जी बेचने व फल-फ्रूट की ठेलागाड़ी लगाने वालों को रोड से हटाने की कार्रवाई की जा रही है। लेकिन विक्रेताओं का कहना कि शहर से बाहर स्थान देने पर कोई नहीं आएगा। यहां तक बैठने के लिए कहा जा रहा है वहां पर कोई व्यवस्था भी नहीं है।
मंगलवार दोपहर महापौर के चैंबर में करीब दो घंटे तक सब्जी व फल फ्रूट विक्रेता महापौर व निगम कमिश्नर अनिल भाना से चर्चा करते रहे। महापौर व कमिश्नर ने स्पष्ट कर दिया कि केवल 8 दिन आप हमें दो हमारी व्यवस्था देखो। किसी भी गरीब को परेशान नहीं किया जाएगा।
ठेले वालों का आरोप, प्रशासन पक्षपात कर रहा
विक्रेताओं को कहना था कि सड़कों से हमें हटाया जा रहा है। लेकिन बड़े-बड़े व्यापारियों ने भी बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण कर रखा है उन पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। तब महापौर ने कहा कि पहले आप सहयोग करो। सभी का एक-एक कर नंबर आएगा। बाजार में जिन लोगों के घर के बाहर दिनभर कारे खड़ी रहती है वह भी नहीं रह पाएगी। सुबह 9 से रात 9 बजे तक कारे खड़ी नहीं रहने दी जाएगी। या तो वह लोग अपनी पार्किंग में खड़ा करें।
भाजपा पार्षद के देवर का हंगामा
नगर निगम की टीम सुबह की कार्रवाई के बाद शाम को एक बार फिर शहर में अतिक्रमण देखने निकली। तो माणकचौक क्षेत्र में कपड़े बेचने वाले ने अपनी ठेलागाड़ी वापस लगा ली। निगम के कर्मचारियों ने इस पर आपत्ति ली तो भाजपा पार्षद के देवर कालू सोनी ने हंगामा करते हुए ठेलागाड़ी से सामान फेक दिया।
निगम कर्मचारियों पर तेजाब फेंकने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। इसका वीडियो भी सामने आया है। निगम कर्मचारियों पर आरोप लगाते हुए दुकानदार थाने पहुंच गया। हालांकि बाद में वह वापस लौट आया। निगम अधिकारियों की माने तो ठेलागाड़ी संचालक ने ही खुद कपड़े सड़क पर फेक दिए। बुधवार को भी नगर निगम की टीम शहर में अतिक्रमण हटाने उतरेगी।
नगर निगम के राजस्व व स्वास्थ्य अधिकारी राजेंद्रसिंह ने बताया कि शहर में सड़कों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार सुबह माणकचौक क्षेत्र से सब्जी व कपड़ा ठेलागाडिय़ों को हटाया था। दोपहर बाद निगम अमला वापस जांच करने गया तो एक कपड़ा ठेला चालक ने वापस ठेला लगाकर हंगामा कर दिया। खुद ने कपड़े सड़के पर फेक दिए। जो भी आरोप लगा लगाए जा रहे है वह झूठे है। कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
शहर को सुंदर बनाना है- महापौर
महापौर प्रहलाद पटेल ने बताया कि शहर में जनसंख्या लगातार बढ़ रही है। मुख्य बाजार में आए दिन अतिक्रमण हो रहा है। प्लानिंग के तहत कार्रवाई की जा रही है। किसी गरीब का नुकसान नहीं होगा। शहर में अलग-अलग सब्जी विक्रेताओं के लिए अमृतसागर तालाब रोड किनारे, काशीनाथ का नोहरा, घांस बाजार में हनुमान जी के मंदिर के पास बड़ा चौक व वार्ड 16 में जैन स्कूल के पीछे सब्जी मंडी स्थानांतरित की जाएगी।

You missed

error: Content is protected !!