• Wed. Aug 26th, 2026

एक रात में तीन मकानों में चोरी, लाखों के जेवर चोरी

BySurendra Jain

Jul 25, 2025

खबर पक्की, 25 जुलाई, रतलाम। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की रात चोरों ने तीन सूने मकानों को निशाना बनाया। चोरों ने मकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपए के आभूषण चुरा लिए। सुबह मकान मालिकों को ताले टूटे मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष की बहन के घर चोरी
समता सिटी कॉलोनी में आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष किशन सिंघाड़ की बहनों भावना और पुष्पा सिंघाड़ के घर चोरी की वारदात हुई। चोरों ने घर से लगभग डेढ़ लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए।
परिवार हरियाली अमावस्या पर सातरुंडा स्थित कंवलका माता मंदिर के मेले में गया था और वहां से अपने गांव अमलेटी चला गया था। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने घर के टूटे ताले देखकर सूचना दी।
घर पहुंचने पर सामान बिखरा मिला
मौके पर पहुंचे परिवार ने पाया कि मेन गेट और दरवाजे के दो ताले टूटे हुए थे। घर के अंदर का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी का सामान भी अस्त-व्यस्त था। चोर सोने के कान के टॉप्स, चांदी के कड़े, सोने की चेन और चांदी की पाजेब ले गए। चोरी की सूचना पर स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
आरपीएफ एसआई के सूने मकान में चोरी
समता सिटी कॉलोनी में आरपीएफ एसआई बीएस राठौड़ के मकान में भी चोरों ने सेंध लगाई। राठौड़ परिवार पिछले 8-10 दिनों से रतलाम से बाहर थे। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने मकान का टूटा ताला देखकर उन्हें सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन मकान मालिक के आने के बाद ही चोरी की वस्तुओं का पता चल सकेगा। यह समता सिटी कॉलोनी में एक ही रात में हुई दूसरी चोरी की वारदात है।
अर्जुन नगर में चोरी, मृतक के परिवार का घर निशाना
स्टेशन रोड थाना क्षेत्र की सालाखेड़ी चौकी अंतर्गत अर्जुन नगर में चोरों ने नौशाद के सूने मकान का नकूचा काटकर चोरी की। नौशाद के पिता का गुरुवार को निधन हो गया था, जिस कारण पूरा परिवार चिंगीपुरा स्थित उनके निवास पर था।
शुक्रवार सुबह जब परिवार का एक सदस्य घर पहुंचा तो चोरी का पता चला। परिवार जनाजे और दफन की रस्म में व्यस्त होने के कारण अभी तक चोरी गई वस्तुओं का पता नहीं चल पाया है।सालाखेड़ी चौकी प्रभारी मुकेश यादव ने बताया कि परिजनों के वापस आने पर ही चोरी का विवरण स्पष्ट हो सकेगा।
स्टेशन रोड टीआई स्वराज डाबी ने बताया क्षेत्र के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चोरों की तलाश जारी है।

error: Content is protected !!