• Fri. Aug 28th, 2026

हिम्मत कोठारी ने बैठक बाजार वसूली शुल्क का किया विरोध, कमिश्नर को कहा- मंच पर महापौर भी थे, उन्हें पूर्व सीएम की घोषणा याद दिला दें

BySurendra Jain

Jul 24, 2025

खबर पक्की, 24 जुलाई, रतलाम। नगर निगम द्वारा ठेले और सड़क पर बैठकर व्यापार करने वालों से लिए जा रहे बैठक बाजार वसूली शुल्क का विरोध अब खुलकर सामने आने लगा है। गुरुवार दोपहर पूर्व मंत्री हिम्मत कोठारी नगर निगम पहुंचे और प्रभारी कमिश्नर अनिल भाना से मुलाकात कर शुल्क बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सार्वजनिक मंच से इसकी घोषणा की थी, फिर भी गरीबों से रोजाना 100 रुपए की रसीद काटी जा रही है।
दोपहर करीब सवा एक बजे कोठारी नगर निगम पहुंचे। उनके साथ शहर में ठेला लगाने वाले दर्जनों लोग थे। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम की दुकानों से तो महीने में केवल 500-600 रुपए किराया लिया जा रहा है, लेकिन जो गरीब ठेले पर बैठकर परिवार पालते हैं उनसे रोज 100 रुपए वसूले जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों द्वारा मनमर्जी से रसीदें काटकर अवैध वसूली हो रही है।
शिवराज सिंह की घोषणा याद दिलाई
कोठारी ने कमिश्नर को याद दिलाया कि धानमंडी की चुनावी सभा में खुद शिवराज सिंह चौहान ने यह घोषणा की थी कि ठेले वालों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। उस समय वर्तमान महापौर और विधायक भी मंच पर मौजूद थे। कोठारी ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद महापौर परिषद ने यह निर्णय क्यों लागू किया? बोले- आज भी अगर मुख्यमंत्री कुछ कहते हैं तो आने वाली सरकारें भी उस पर अमल करती हैं, ऐसे में शिवराज जी की घोषणा को क्यों बदला जा रहा है?
सुबह से शाम तक मेहनत, फिर भी 100 रुपए काटे जा रहे
कोठारी ने एक सब्जी बेचने वाली महिला का उदाहरण देते हुए बताया कि वह सुबह 6 बजे गांव से मंडी जाती है और दिनभर मेहनत कर केवल 400-500 रुपए कमाती है, लेकिन नगर निगम वाले उससे भी 100 रुपए की रसीद काटते हैं। उन्होंने बताया कि कई लोगों से 2-2 हजार रुपए तक की रसीदें काटी गई हैं। सोलंकी नामक कर्मचारी और अन्य पर भी बदसलूकी का आरोप लगाया गया। इस पर प्रभारी कमिश्नर ने कहा कि ऐसे कर्मचारी को हटा दिया जाएगा।
कमिश्नर को एक घंटे तक करना पड़ा इंतजार
प्रभारी कमिश्नर एसडीएम अनिल भाना अन्य अधिकारियों के साथ शहर निरीक्षण पर थे। कोठारी ने उन्हें फोन पर कहा, जब तक आप नहीं आएंगे, मैं यहीं नगर निगम में बैठा रहूंगा। करीब एक घंटे इंतजार के बाद सवा दो बजे भाना निगम पहुंचे, तब तक कोठारी समर्थकों समेत कमिश्नर कक्ष में बैठे रहे।
महापौर परिषद की बैठक जारी थी, फिर भी कोई मिलने नहीं आया
जब कोठारी निगम पहुंचे, तब महापौर परिषद की बैठक भी चल रही थी। लेकिन ना तो महापौर और ना ही कोई पार्षद कोठारी से मिलने आया। इस बात को लेकर भी निगम परिसर में चर्चा बनी रही।
गरीबों से सहानुभूति रखे प्रशासन- कोठारी
कोठारी ने कहा कि नगर निगम को दादागिरी और तानाशाही छोडऩी चाहिए। ठेले पर सब्जी बेचने वाले लोगों से शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए। प्रशासन को सहानुभूति पूर्वक विचार कर निर्णय लेना चाहिए।
कोठारी की मांग परिषद के समक्ष रखेंगे
प्रभारी कमिश्नर अनिल भाना ने कहा कि पूर्व मंत्री हिम्मत कोठारी बैठक बाजार शुल्क को लेकर विरोध जताने आए थे। उनकी बात महापौर परिषद के सामने रखी जाएगी। साथ ही किसी भी कर्मचारी के दुर्व्यवहार पर कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!