खबर पक्की, 11 जुलाई, रतलाम। एक कपड़ा व्यापारी को वॉट्सऐप पर जान से मारने की धमकी दी देने वाले आरोपी को पकड़ लिया है। आरोपी ने खुद को राहुल जाट बताते हुए दावा किया कि उसने व्यापारी की सुपारी 2 करोड़ 60 लाख रुपए में ली है। व्यापारी ने बताया कि पहले उन्हें वॉट्सऐप कॉल आई, जिस पर उन्होंने बाद में बात करने को कहा।
इसके बाद लगातार तीन बार कॉल आई। जब व्यापारी ने कॉल रिसीव नहीं की, तो आरोपी ने वॉट्सऐप पर धमकी भरी वॉयस रिकॉर्डिंग भेज दी। एक बार जब व्यापारी की पत्नी ने कॉल रिसीव की, तो कॉलर ने कहा, मैंने तेरे पति की सुपारी प्रकाश मूणत से 2 करोड़ 60 लाख रुपए में ली है। अगर रुपए नहीं दिए तो जान से खत्म कर दूंगा।
वॉट्सऐप पर कॉल कर धमकाया
बजाज खाना निवासी कपड़ा व्यापारी निर्मल पिता बाबूलाल पिपाड़ा (49) ने माणकचौक थाने में गुरुवार रात एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह बजाज खाना में कपड़े की दुकान चलाते है। 1 जुलाई की रात करीब 11.56 बजे उनके मोबाइल पर एक वॉट्सऐप कॉल आया। कॉल मोबाइल नंबर 8602363751 से आया था।
एफआईआर में निर्मल ने बताया कि कॉलर ने पूछा “निर्मल पिपाड़ा बोल रहा है? जब उन्होंने कॉलर की पहचान पूछी तो उसने अपना नाम राहुल जाट बताया। निर्मल ने उसे बताया कि उनके भाई विमल छाजेड़ की तबीयत खराब है और वे बाद में बात करेंगे।
3 जुलाई को फिर लगाया कॉल
इसके बाद 3 जुलाई को आरोपी ने फिर से व्यापारी के वॉट्सऐप पर दो बार मिस कॉल किए। रात 9.49 बजे आए तीसरे कॉल को व्यापारी की पत्नी पूजा पिपाड़ा ने रिसीव किया। कॉलर ने पत्नी को धमकी देते हुए कहा कि उसने निर्मल पिपाड़ा की सुपारी प्रकाश मूणत से 2 करोड़ 60 लाख रुपए में ली है।
इसके बाद 7 जुलाई को आरोपी ने दो बार फिर वॉट्सऐप कॉल किए। जब व्यापारी ने कॉल रिसीव नहीं किया तो रात 8:33 बजे आरोपी ने वाट्सएप पर एक वॉइस रिकॉर्डिंग भेजी। रिकॉर्डिंग में आरोपी गालियां देते हुए धमकी दे रहा था कि उसने व्यापारी की सुपारी ली है और अगर रुपए नहीं दिए तो जान से खत्म कर देगा। इसके बाद भी आरोपी ने वॉट्सऐप पर कॉल किया, लेकिन व्यापारी ने डर के कारण कॉल रिसीव नहीं किया।
वॉयस रिकॉर्डिंग भेजी
आरोपी ने इसके बाद दो और वॉयस रिकॉर्डिंग वॉट्सऐप पर भेजी, जिनमें अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकियां दी गईं। घटना की जानकारी व्यापारी ने अपनी पत्नी पूजा और भतीजे नित्यम पिपाड़ा को दी। गुरुवार रात 9.10 बजे व्यापारी ने माणकचौक थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मुंबई में प्रॉपर्टी खरीदने के लिए लगाई थी राशि
व्यापारी निर्मल पिपाड़ा ने बताया कि हम 8 से 10 लोगों ने मिलकर वर्ष 2016-17 में मुंबई में प्रॉपर्टी खरीदने के लिए करोड़ों रुपए लगाए थे। सभी ने अलग-अलग राशि संजय शेष को दी थी। संजय पहले इंदौर रहता था बाद में वह मुंबई में रहने लगा। उसी के मार्फत राशि हम सभी ने दी थी। लेकिन बाद में हमारे साथ फ्रॉड हो गया। राशि डूब गई। एक फ्रॉड के मामले में संजय शेष को भी गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बाद में वह जमानत पर बाहर आ गया।
धमकी देने वाले राहुल जाट को मैं नहीं जानता। रतलाम के प्रकाश मूणत ने राहुल जाट के जरिए मुझे धमकी दी है। जबकि, प्रकाश मूणत को एक करोड़ 65 लाख रुपए दे चुका हूं। अब वह पुराने रुपयों की रिकवरी निकाल रहा है। मेरे साथ कुछ दिन पहले मारपीट भी की। उन्होंने बताया कि प्रकाश मूणत सर्राफा व्यापारी है।
एसपी अमित कुमार ने बताया आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। पैसों के लेनदेन का मामला है। जिसके कहने पर धमकी दी है उसके बारे में भी जांच की जा रही है। जो भी इस पूरे मामले की कड़ी में जुड़ेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारी को जान से मारने की धमकी देने वाला पकड़ाया, रतलाम में वॉट्सऐप कॉल पर बोला- 2 करोड़ में सुपारी ली है, नहीं दिए तो मार दूंगा
